Ketan Agarwal Murder Case: पुणे में सामने आए केतन अग्रवाल मर्डर केस ने देशभर में चर्चा छेड़ दी है. ये मामला केवल एक हत्या तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने रिश्तों में भरोसे, दोहरी जिंदगी, छिपे हुए सच और इंसानी व्यवहार से जुड़े कई गंभीर सवाल भी खड़े किए हैं.
इसी को लेकर India.com की हेल्थ टीम ने मैक्स हॉस्पिटल के सीनियर साइकियाट्रिस्ट डॉ. पंकज कुमार (Dr. Pankaj Kumar) से खास बातचीत की. उन्होंने बताया कि किसी व्यक्ति के व्यवहार में आने वाले बदलाव कई बार उसके अंदर चल रहे मानसिक संघर्ष की तरफ इशारा कर सकते हैं.
डॉ. पंकज कुमार के अनुसार किसी भी व्यक्ति की वर्तमान स्थिति को समझने के लिए उसकी पहले की पर्सनालिटी और वर्तमान व्यवहार की तुलना करना जरूरी है. अगर कोई व्यक्ति पहले मिलनसार था लेकिन अचानक लोगों से दूरी बनाने लगे, दोस्तों से मिलना कम कर दे या सामाजिक गतिविधियों से कटने लगे, तो ये बदलाव ध्यान देने योग्य हो सकता है.
उन्होंने बताया कि कई बार व्यक्ति की खान-पान की आदतों में भी बदलाव दिखाई देने लगता है. भूख कम लगना, भोजन में रुचि खत्म होना, खुद की देखभाल पर ध्यान न देना या पहनावे में अचानक बदलाव आना मानसिक तनाव का संकेत हो सकता है.
एक आम धारणा ये है कि मानसिक परेशानी से जूझ रहा व्यक्ति हमेशा उदास दिखाई देगा, लेकिन वास्तविकता इससे अलग हो सकती है. कई लोग ज्यादा गुस्सैल, चिड़चिड़े या आक्रामक हो जाते हैं. छोटी-छोटी बातों पर प्रतिक्रिया देना, जल्दी भड़क जाना या लगातार तनाव में रहना भी भीतर चल रहे संघर्ष को दर्शा सकता है.
डॉ पंकज ने कहा कि जब कोई व्यक्ति लगातार मानसिक दबाव में रहता है, तो उसका असर उसके व्यवहार और फैसले लेने की क्षमता पर भी पड़ सकता है. ऐसे में परिवार और करीबी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत होती है.
केतन मर्डर केस के बाद ये सवाल भी उठ रहा है कि क्या कोई व्यक्ति लंबे समय तक अपने करीबियों से अपनी असली जिंदगी छिपा सकता है? डॉ पंकज का कहना है कि ऐसा संभव है. कई लोग सामाजिक छवि बनाए रखने के लिए एक अलग व्यक्तित्व प्रस्तुत करते हैं, जबकि निजी जीवन में उनका व्यवहार बिल्कुल अलग हो सकता है.
हालांकि समय के साथ कुछ संकेत जरूर सामने आते हैं. बार-बार झूठ बोलना, अलग-अलग लोगों को अलग-अलग कहानियां बताना, निजी जानकारी छिपाना और लगातार विरोधाभासी बातें करना ऐसे संकेत हो सकते हैं जिन पर ध्यान देना चाहिए.
डॉ. पंकज कुमार का मानना है कि अगर किसी व्यक्ति में अचानक बड़े व्यवहारिक बदलाव दिखाई दें तो उन्हें केवल मूड स्विंग कहकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. समय रहते संवाद, भावनात्मक सहयोग और जरूरत पड़ने पर मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ की मदद कई समस्याओं को गंभीर होने से रोक सकती है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
हल्द्वानी से दिल्ली के बड़े न्यूजरूम तक… तनुजा जोशी, उत्तराखंड के शांत और खूबसूरत शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखती हैं. देहरादून के ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद साल 2018 में इन्होंने अपने सफर की शुरुआत ETV भारत से की. बतौर एंकर 3 साल तक अनगिनत खबरें पढ़ीं, लिखीं और … और पढ़े
© 1998-2026 Indiadotcom Digital Private Limited, All Rights Reserved.