समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार को प्रयागराज पहुंच रहे हैं। वे सोमवार, 29 जून को प्रयागराज के होटल रेडिसन में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक ‘विजन इंडिया’ पर बुद्धिजीवियों से संवाद करेंगे।
इस संवाद का मुख्य विषय ‘शिक्षा-परीक्षा: क्यों ध्वस्त हुई व्यवस्था’ होगा। इस दौरान अखिलेश यादव वर्तमान सरकार की नीतियों की आलोचना करेंगे। उनका मानना है कि सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण शिक्षा और परीक्षा प्रणाली पूरी तरह चरमरा गई है।
उन्होंने पेपर लीक और लगातार रद्द हो रही परीक्षाओं को युवाओं के भविष्य के लिए हानिकारक बताया है। इसके अतिरिक्त, सरकारी विभागों में रिक्त पदों को न भरना, मूल्यांकन और आरक्षण नीतियों में बदलाव, शिक्षकों पर गैर-शैक्षणिक कार्यों का बोझ, और प्राथमिक विद्यालयों के बंद होने जैसे मुद्दों पर भी उन्होंने चिंता व्यक्त की है। यादव ने स्पष्ट किया है कि दिखावटी सुधारों से काम नहीं चलेगा, बल्कि व्यवस्था में मूलभूत परिवर्तन की आवश्यकता है।
अखिलेश यादव ने ‘विजन इंडिया’ को केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नवाचार, सहयोग और प्रगति का प्रतीक बताया है। इस पहल का उद्देश्य भारत को ‘नियो इंडिया’ में बदलना है। वे कार्यक्रम में ‘प्लान, डेवलप और एसेंट’ के माध्यम से अपनी कार्ययोजना प्रस्तुत करेंगे।
‘प्लान’ के तहत भारत के भविष्य की बेहतर परिकल्पना करना और उन महत्वपूर्ण क्षेत्रों की पहचान करना है जहाँ अवसर मौजूद हैं या चुनौतियाँ खड़ी हैं। ‘डेवलप’ के लिए संवाद और साझेदारी-आधारित समाधानों को बढ़ावा देना है, ताकि भारत जल्द ही विकसित देशों की श्रेणी में अपना स्थान सुनिश्चित कर सके। वहीं, ‘एसेंट’ का लक्ष्य नवाचार और अत्याधुनिक तकनीक का लाभ उठाकर भारत को वैश्विक नेतृत्व की ओर अग्रसर करना है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.