Feedback
हिमाचल प्रदेश की मशहूर अटल टनल के बाहर बुधवार रात को एक बहुत ही दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. रात के करीब 9 बजे एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी जैसे ही टनल से बाहर निकली, वह अचानक बेकाबू हो गई. रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि गाड़ी सड़क किनारे लगे बैरिकेड्स को तोड़ते हुए सीधे नीचे बन रहे एक ढांचे के पिलर से जा टकराई.
टक्कर इतनी भयंकर थी कि पिलर से बाहर निकले लोहे के नुकीले सरिये गाड़ी को चीरते हुए उसके अंदर तक घुस गए. इस हादसे में गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वाहन में सवार राजस्थान के रहने वाले एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उत्तर प्रदेश के रहने वाले उसके तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे का शिकार हुए सभी लोग पर्यटक बताए जा रहे हैं, जो मनाली की तरफ से घूमकर लाहौल की ओर जा रहे थे. टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि सुनते ही घटनास्थल पर हड़कंप मच गया. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं.
गाड़ी पिलर और सरियों के बीच बुरी तरह से फंसी हुई थी, जिसकी वजह से घायलों को बाहर निकालना काफी मुश्किल काम था. रेस्क्यू टीम ने काफी कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों की मदद से घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला. सभी घायलों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है. पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
रफ्तार और लापरवाही बनी हादसे की वजह
शुरुआती जांच के बाद पुलिस का कहना है कि यह हादसा स्कॉर्पियो की रफ्तार बहुत तेज होने और अचानक गाड़ी से कंट्रोल खो देने की वजह से हुआ है. हालांकि, पुलिस हादसे के बाकी कारणों का पता लगाने के लिए हर एंगल से मामले की जांच कर रही है. दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी और इस घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिन्हें देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि टक्कर कितनी भयानक थी.
अटल टनल को देखने के लिए हर रोज देश भर से हजारों पर्यटक पहुंच रहे हैं. प्रशासन भी लगातार चालकों से पहाड़ों पर तय स्पीड में गाड़ी चलाने और सावधानी बरतने की अपील करता रहता है, लेकिन इसके बावजूद रफ्तार की लापरवाही ऐसे बड़े हादसों की वजह बन रही है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू