पीरो थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर ब्रम्हावार गांव से एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
शुक्रवार को, पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सोशल मीडिया सेल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 2 जुलाई की शाम गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी। जानकारी के मुताबिक, ब्रम्हावार गांव निवासी पंकज कुमार ठाकुर अपने घर में अवैध हथियार छिपाकर रखे हुए था और लोगों को गोली मारने की धमकी दे रहा था।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पीरो थाना पुलिस ने तत्काल छापेमारी की। छापेमारी के दौरान आरोपी पंकज कुमार ठाकुर ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर उसके घर में तकिए के नीचे छिपाकर रखा गया एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बरामद हथियार और कारतूस के संबंध में आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पीरो थानाध्यक्ष दीपक कुमार शाह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर ब्रम्हावार गांव में यह छापेमारी की गई थी। उन्होंने पुष्टि की कि कार्रवाई के दौरान आरोपी के घर से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
इस संबंध में पीरो थाना कांड संख्या-213/26 दिनांक 02 जुलाई 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(a)/26 में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है तथा उसके विरुद्ध पहले भी एक आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.