न फिजूलखर्ची, न बारातियों के नखरे… अमेरिका में इतनी सादगी से होती है शादी, Video – AajTak

क्या आपने कभी सोचा है कि अमेरिका में शादी कैसी होती है? वहां न कई दिनों तक चलने वाली रस्में होती हैं और न ही घंटों तक शादी का कार्यक्रम चलता है. एक भारतीय व्लॉगर जब पहली बार अमेरिका में आयोजित एक वेडिंग सेरेमनी में शामिल हुईं, तो वहां की कई परंपराएं देखकर हैरान रह गईं. खास बात यह थी कि शादी पूरी होने के बाद दूल्हा-दुल्हन खुद हर मेहमान के पास जाकर उनका धन्यवाद करते हैं. यही अनुभव अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
भारतीय कंटेंट क्रिएटर ने अपने वीडियो में बताया कि अमेरिकी शादी भारतीय शादियों से बिल्कुल अलग होती है. उन्होंने एक-एक रस्म को आसान भाषा में समझाया, जिसे सोशल मीडिया पर लोग काफी पसंद कर रहे हैं.
सिर्फ 20-30 मिनट में पूरी हो जाती है शादी
व्लॉगर के मुताबिक, अमेरिकी शादी की मुख्य रस्म यानी सेरेमनी आमतौर पर सिर्फ 20 से 30 मिनट में पूरी हो जाती है. इसे एक पादरी या ऑफिशिएंट करवाता है.
सबसे दिलचस्प बात यह है कि कई कपल किसी तय स्क्रिप्ट की जगह अपने लिए खुद Wedding Vows लिखते हैं. यानी वे शादी के दौरान अपने शब्दों में एक-दूसरे से जीवनभर साथ निभाने, सम्मान देने और हर परिस्थिति में साथ रहने का वादा करते हैं. इसके बाद अंगूठियों का आदान-प्रदान होता है और फिर उन्हें पति-पत्नी घोषित कर दिया जाता है.
शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन खुद हर मेहमान से मिलते हैं
भारतीय व्लॉगर को सबसे ज्यादा हैरानी इस बात पर हुई कि शादी की रस्म खत्म होते ही दूल्हा-दुल्हन खुद सभी मेहमानों के पास जाकर उनसे हाथ मिलाते हैं, उनका हालचाल पूछते हैं और आने के लिए धन्यवाद कहते हैं. उन्होंने इसे अमेरिकी शादी की सबसे खूबसूरत और दिल छू लेने वाली परंपराओं में से एक बताया.
रिसेप्शन में क्या होता है?
इसके बाद रिसेप्शन होता है, जहां सभी मेहमानों के लिए डिनर रखा जाता है. परिवार और करीबी दोस्त दूल्हा-दुल्हन के लिए भावुक भाषण देते हैं. फिर केक काटा जाता है और नवविवाहित जोड़ा पति-पत्नी के रूप में अपना पहला डांस करता है. इसके बाद सभी मेहमान डांस फ्लोर पर शामिल होकर जश्न मनाते हैं.
यह भी पढ़ें: वायरल हो रहा है ये मुस्लिम शादी कार्ड, पढ़कर बारात में जाने से डरने लगे लोग!
भारतीय शादी से कितनी अलग है अमेरिकी शादी?
भारत में शादियां अक्सर कई दिनों तक चलती हैं. हल्दी, मेहंदी, संगीत, बारात, फेरे और विदाई जैसी कई रस्में होती हैं. वहीं अमेरिका में शादी का पूरा फोकस दूल्हा-दुल्हन के निजी पलों, उनके वादों और परिवार व दोस्तों के साथ समय बिताने पर होता है. यही वजह है कि वहां शादी अपेक्षाकृत छोटी, सादगी भरी और व्यक्तिगत अनुभव वाली मानी जाती है.
‘न शानो-शौकत और न ही बारातियों के नखरे’
वीडियो देखने के बाद भारतीय यूजर्स ने इस पर जमकर प्रतिक्रियाएं दीं. कई लोगों ने कहा कि अमेरिकी शादी काफी सादगी भरी और कम रस्मों वाली लगी. कुछ यूजर्स ने लिखा कि यह काफी हद तक ईसाई शादियों जैसी है, जो भारत में भी देखने को मिलती हैं. वहीं एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि कितनी सादगी है, न दिखावा, न शानो-शौकत और न ही बारातियों के नखरे. वहीं एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि अच्छा, इसमें वो दहेज वाला पार्ट कहां है, जिसे भारत में कई लोग अब भी शादी का सबसे जरूरी हिस्सा मानते हैं?
व्लॉगर ने अपने अनुभव को दिल से जुड़ा, सादगी भरा और मेहमानों को महत्व देने वाला बताया.भले ही भारत और अमेरिका की शादियों का तरीका अलग हो, लेकिन दोनों जगह शादी का मकसद एक ही है.दो लोगों और दो परिवारों का मिलन. शायद यही वजह है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News