बरसात के मौसम की शुरुआत के साथ ही फरसाबहार और कुनकुरी क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है।
केराडीह के खरवाटोली सहित आसपास के कई मोहल्लों में पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। इसके चलते क्षेत्रों में पेयजल संकट गहरा गया है, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और लोगों को लालटेन व मोमबत्ती के सहारे अंधेरे में रात गुजारनी पड़ रही है। ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल पारा, ब्राह्मण पारा, रैनीडांड, खरवाटोली आदिवासी पारा, गिरजा पारा, माझा पारा और टांगराटोली में भी लगातार बिजली की गंभीर समस्या बनी हुई है। बारिश के दौरान अक्सर पूरी-पूरी रात बिजली गुल रहती है। लोगों का कहना है कि अंधेरे के कारण हादसों की आशंका बनी रहती है और छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिजनों को पूरी रात जागकर बितानी पड़ती है। बिजली की आंख-मिचौली से स्थानीय व्यापारियों का धंधा भी चौपट हो रहा है। किराना दुकानदार राजेश ने बताया कि बार-बार बिजली जाने से फ्रिज में रखा दूध और अन्य डेयरी उत्पाद खराब हो रहे हैं। लगातार कटौती के कारण इन्वर्टर भी चार्ज नहीं हो पा रहे हैं, जिससे उन्हें प्रतिदिन लगभग 300 से 400 रुपए का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, ग्रामीण विश्वनाथ का कहना है कि रात में सड़कों पर निकलना दूभर हो गया है, क्योंकि अंधेरे में सांप-बिच्छू जैसे विषैले जीवों का खतरा बना रहता है।
तपकरा वन परिक्षेत्र में हाथियों की निरंतर आवाजाही के कारण बिजली न होना ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। इस इलाके में ओडिशा और रायगढ़ जिले से हाथियों का आना-जाना लगा रहता है। रात में बिजली गुल होने से हाथियों का आतंक और बढ़ जाता है। लठबोरा, उपरकछार, सिंगीबहार, केरसई, आमडीह, लवकेरा, तुमला, गझियाडीह और फरसाबहार सहित दर्जनों गांवों में लो-वोल्टेज और ट्रांसफार्मर खराब होने की समस्या आम हो चुकी है। विद्युत विभाग के अधिकारियों का तर्क है कि लगातार हो रही बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और पेड़ों की डालियां लाइनों पर टूटने से फॉल्ट आ रहा है।
बरसात और मौसम खराब होने की वजह से बिजली की समस्या आ रही है। जैसे ही कहीं से खराबी की सूचना मिलती है, विभाग द्वारा तुरंत समाधान किया जा रहा है। वर्तमान में कर्मचारियों की हड़ताल के बावजूद, उपलब्ध अमले के साथ विभाग पूरी मुस्तैदी से व्यवस्था सुधारने में जुटा है। बी. पवार, ईई, सीएसपीडीसीएल, कुनकुरी
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.