झाझा नगर इकाई की ओर से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) का 78वां स्थापना दिवस गुरुवार को उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर स्व. शिवनंदन झा टाउन हॉल में युवा संवाद और ‘विकसित भारत–2047’ विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत मणिदीप अकादमी के संचालक अभिषेक भगत, अभाविप के क्षेत्रीय मीडिया संयोजक रवि करण, पूर्व प्रदेश संगठन मंत्री धीरज कुमार गुप्ता, पूर्व छात्र नेता सूरज बरनवाल, नगर अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र निराला और नगर मंत्री नीतीश केशरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की।
नगर अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र निराला ने कहा कि अभाविप का उद्देश्य छात्रों और युवाओं में ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना विकसित करना और उनके व्यक्तित्व का निर्माण करना है। मुख्य अतिथि अभिषेक भगत ने युवाओं से सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि युवा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। साथ ही छात्राओं के प्रति बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए जागरूकता बढ़ाने की जरूरत बताई।
मुख्य वक्ता रवि करण ने कहा कि युवाओं को केवल समस्याओं की चिंता नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए चिंतन और नवाचार भी करना चाहिए। उन्होंने बताया कि अभाविप देशभर के शिक्षण संस्थानों में युवाओं को नेतृत्व के लिए तैयार कर रही है।
पूर्व प्रदेश संगठन मंत्री धीरज कुमार गुप्ता ने कहा कि अभाविप पिछले 78 वर्षों से ‘ज्ञान, शील और एकता’ के मूल मंत्र के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा रही है। पूर्व छात्र नेता सूरज बरनवाल ने ‘विकसित भारत–2047’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए ‘पंच परिवर्तन’ के संकल्प को अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हरिनंदन प्रजापति ने किया। अंत में नगर मंत्री नीतीश केशरी ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी, पूर्व और वर्तमान कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.