Feedback
बिहार के वैशाली जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां गोरौल थाना क्षेत्र में एक महिला होमगार्ड जवान और उसकी बहन को अगवा कर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. वहीं, पुलिस का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद से जुड़ा है.
बंधक बनाकर किया दुष्कर्म
पीड़िता के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के मुताबिक, महिला होमगार्ड सिपाही और उसकी बहन जब बाजार से लौट रही थीं, तभी गांव के ही सुबोध पासवान ने अपने भाई और दो अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर दोनों का अपहरण कर लिया. परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने महिला सिपाही को एक घर में कैद कर लिया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया.
परिजनों ने बताया कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी कर पीड़ित महिला सिपाही को बरामद किया. हालांकि, इस दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा.
कोर्ट मैरिज और प्रेम प्रसंग का है मामला
दूसरी तरफ, इस पूरे मामले पर महुआ एसडीपीओ (SDPO) संजीव कुमार ने परिजनों के दावों से अलग बयान दिया है. एसडीपीओ ने अपहरण और दुष्कर्म की बात से इनकार करते हुए कहा कि यह मामला प्राथमिक रूप से प्रेम प्रसंग का लग रहा है.
एसडीपीओ ने कहा, महिला सिपाही का आरोपी के साथ पहले से प्रेम प्रसंग था. नौकरी लग जाने के बाद पीड़िता ने आरोपी से दूरी बना ली थी. इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने महिला सिपाही के साथ छेड़खानी की है. सूत्रों से यह भी जानकारी मिली है कि दोनों ने पहले कोर्ट मैरिज भी कर रखी थी.
जांच और कार्रवाई जारी
पुलिस प्रशासन के अनुसार, पीड़ित महिला होमगार्ड सिपाही को मेडिकल जांच और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. महुआ एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि परिजनों की तरफ से आवेदन मिलने पर उचित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो पाएगी.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू