मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। देर से ही सही ईरान युद्ध में रूस की एंट्री हो गई है। ईरान-अमेरिका के बढ़ते तनाव के बीच रूस ने अपने प्रलयकारी विमान को तेहरान भेज दिया है। रूस ने ईरान को अपना सबसे सुरक्षित एयरबोर्न कमांड एयरक्राफ्ट भेज दिया है। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आदेश पर एलीट Tu-214PU विमान तेहरान पहुंचा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, टुपोलेव डिजाइन ब्यूरो का यह खास वेरिएंट सामान्य यात्री विमान Tu-214 का संशोधित रूप है, जो रूस के लिए उड़ता हुआ कमांड पोस्ट का काम करता है। मॉस्को-तेहरान के बीच इस तैनाती को क्रेमलिन द्वारा ईरान को मजबूत समर्थन का संकेत माना जा रहा है।
Tu-214PU रूस के राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन के लिए उड़ता हुआ मोबाइल कमांड पोस्ट है। इसमें अत्याधुनिक सुरक्षित संचार प्रणाली, एन्क्रिप्टेड लिंक्स, सैटेलाइट कम्युनिकेशन और परमाणु हमले या बड़े युद्ध में भी काम करने वाली रिडंडेंट सिस्टम लगे हैं। विमान को किसी भी मौसम, इलेक्ट्रॉनिक जामिंग और भारी खतरे के माहौल में संचालित करने के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें दो शक्तिशाली एवियाडविगेटल PS-90A टर्बोफैन इंजन लगे हैं, जो 850 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति और 6,500 से 7,000 किलोमीटर तक की रेंज देते हैं। विमान को रोसिया स्पेशल फ्लाइट स्क्वाड्रन संचालित करता है, जिसकी जिम्मेदारी बड़े राष्ट्रीय आपातकाल में रूस के शीर्ष राजनीतिक और सैन्य नेताओं को सुरक्षित स्थानांतरित करना है। यह विमान 1989 में पहली बार उड़ा था और 1990 के दशक में व्यावसायिक सेवा में शामिल हुआ था। बाद में इसे विशेष रूप से राष्ट्रपति और उच्च कमांड के लिए अपग्रेड किया गया।
रूस और ईरान के बीच पिछले कई वर्षों से सैन्य, तकनीकी और खुफिया सहयोग बढ़ता रहा है। दोनों देश यूक्रेन युद्ध, सीरिया संकट और अब पश्चिम एशिया में एक-दूसरे के करीबी सहयोगी बने हुए हैं। Tu-214PU की तैनाती को विशेषज्ञ रूस-ईरान के बीच हाई लेवल की सीधी बातचीत, रियल-टाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग और संयुक्त इमरजेंसी प्लानिंग का हिस्सा मान रहे हैं। वहीं, जानकारों का अनुमान है कि यह विमान ईरानी हाई कमांड को अमेरिकी हमलों के दौरान सुरक्षित कमांड और कंट्रोल प्रदान कर सकता है। साथ ही, यह मॉस्को का स्पष्ट संदेश है कि वह तेहरान को अकेला नहीं छोड़ेगा, और हर कदम पर उसके साथ खड़ा है।
यह तैनाती ऐसे समय हुई है जब अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने ईरान के खिलाफ बड़े पैमाने पर हमले शुरू कर दिए हैं। CENTCOM के बयान के अनुसार, अमेरिकी फाइटर जेट्स, नौसेना के युद्धपोत, वन-वे अटैक एरियल ड्रोन और सी ड्रोन का इस्तेमाल करते हुए ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम, तटीय रडार साइट्स, मिसाइल और ड्रोन ठिकानों तथा छोटी हमलावर नावों को निशाना बनाया गया। अमेरिका का दावा है कि इन हमलों का उद्देश्य हॉर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों पर ईरान की हमले की क्षमता को नष्ट करना है।
दूसरी ओर ईरान ने भी अमेरिका पर पलटवार किया। तेहरान ने कुवैत, बहरीन, जॉर्डन और ओमान में स्थित अमेरिकी एयरबेस पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। ईरानी सेना के आधिकारिक बयान में अमेरिकी कार्रवाई को ‘संयुक्त राष्ट्र चार्टर के बुनियादी सिद्धांतों का खुला उल्लंघन’ बताया गया। ईरान ने इन हमलों में सैन्य ठिकानों के साथ-साथ नागरिक इंफ्रास्ट्रक्चर और आम नागरिकों को नुकसान पहुंचाने का आरोप भी लगाया।
देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play