किशनगंज में भारत-नेपाल सीमा पर चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को बड़ी सफलता मिली है। सुखानी थाना क्षेत्र में एक संयुक्त कार्रवाई के दौरान 326 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
एसएसबी की 19वीं बटालियन की ई-कंपनी, सुखानी बीओपी को गुप्त सूचना मिली थी। जानकारी के अनुसार, दो व्यक्ति कादोगांव बाजार में मादक पदार्थ बेचने आ रहे थे।
रेलवे ब्रिज के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया सूचना मिलने पर एसएसबी ने सुखानी थाना पुलिस को सूचित किया। थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी के निर्देश पर एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने कादोगांव रेलवे ब्रिज के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान, एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस को देखते ही बाइक छोड़कर भागने लगे हालांकि, टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से प्लास्टिक के पैकेट में रखी कुल 326 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद हुई। मौके पर ही नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बहादुरगंज थाना क्षेत्र के कस्बा गांगी निवासी साजिद आलम (47 वर्ष) और कुम्हारटोली निवासी तशबर आलम (28 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से 932 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी ने बताया कि बरामद पदार्थ को जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) भेजा जा रहा है। सुखानी थाना में एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क और उसके सरगना का पता लगाने में जुटी है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.