रुद्रप्रयाग जनपद के राजकीय इंटर कॉलेज रामाश्रम में “जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं के साथ संवाद स्थापित किया गया। इस दौरान उन्हें करियर और कौशल विकास से संबंधित महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
संवाद सत्र में विद्यार्थियों को आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों और विभिन्न पठन-पाठन गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने उन्हें उनके भविष्य के लिए सही दिशा चुनने में मदद करने हेतु व्यावसायिक मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं रोजगार योजना तथा इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2026-27 के बारे में भी जानकारी दी गई। इन योजनाओं के लाभ, आवेदन प्रक्रिया और इनसे मिलने वाले रोजगार के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की गई।
छात्र-छात्राओं को बताया गया कि इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करने के बाद वे भारतीय सेना, मर्चेंट नेवी, पुलिस और अन्य सरकारी विभागों में भर्ती के लिए कैसे आवेदन कर सकते हैं। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेने के तरीकों, आवश्यक तैयारियों और योग्यताओं की भी जानकारी दी गई।
इस कार्यक्रम में कुल 75 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विशेषज्ञों से सवाल-जवाब किए। इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चमोली, अनुदेशक किशन रावत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.