भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा
बचेली नगरपालिका क्षेत्र के आकाश नगर (काठमांडू) में रहने वाले 48 परिवारों को विस्थापित करने के लिए बचेली पुराना मार्केट में पहाड़ों में रहने वाले परिवारों के लिए आवास एनएमडीसी के सीएसआर मद से तैयार हो गए हैं। पर नगरपालिका अभी तक इन परिवारों का विस्थापन नहीं कर पा रही है।
यह आवास बचेली के काठमांडू में मुसीबत के बीच रह रहे लोगों के लिए तैयार किए गए हैं। बचेली नगरपालिका के वार्ड क्रमांक 18 को आकाशनगर (काठमांडू) के नाम से जाना जाता है। यह क्षेत्र बचेली से 22 किलोमीटर दूर पहाड़ों पर है। पूरा क्षेत्र आयरन ओर के पहाड़ों का है। यहां ये परिवार मूलभूत सुविधाओं के अभाव में रहने को मजबूर हैं। ये परिवार 1970 में बसे थे। यहां पहले एनएमडीसी कर्मचारी भी रहते थे।
वर्ष 2001 में आकाशनगर टाउनशिप को बचेली में विस्थापित कर दिया गया था। मगर 48 परिवार, जो सब्जी और दूध बेचने का काम करते थे, इनके व्यवस्थापन की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। अब 48 परिवारों का सपना पूरा होने जा रहा है। ढाई एकड़ जमीन में आवास 349.23 लाख की लागत से तैयार हो गए हैं। पर यहां अभी पालिका बिजली और पानी की व्यवस्था नहीं कर पाई है। इससे इस बारिश में भी पहाड़ पर रह रहे लोगों को परेशानी के बीच रहना पड़ेगा।
आकाशनगर काठमांडू में रह रहे लोग अभी झोपड़ियों में निवास करते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी बारिश के दिनों में होती है। पक्के मकान बनाने की यहां अनुमति नहीं है। पूरा क्षेत्र माइंस वाला है। यहां 24 घंटे एनएमडीसी द्वारा लौह अयस्क का खनन किया जाता है। इन परिवारों को अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए पहाड़ों से जमीन पर आने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बिजली और पानी जैसी सभी मूलभूत सुविधाओं का संकट है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.