Feedback
राष्ट्रीय पात्रता एवं प्रवेश परीक्षाओं का आयोजन करने वाली राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने अपने संस्थागत पुनर्गठन (Institutional Restructuring) के तहत बड़े पैमाने पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है. शिक्षा मंत्रालय के अधीन स्वायत्त संस्था NTA ने चार जनरल मैनेजर (General Manager) के पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है. इसके अलावा संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के प्रतिभा सेतु (Pratibha Setu) पोर्टल के जरिये 16 यंग प्रोफेशनल्स के आवेदन भी मांगे गए हैं.
यह भर्ती प्रक्रिया प्रो. के राधाकृष्णन की अध्यक्षता वाली हाई लेवल विशेषज्ञ समिति (High-Level Committee of Experts) की सिफारिशों को लागू करने की दिशा में पहला बड़ा कदम मानी जा रही है. यह समिति राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षाओं के संचालन को लेकर उठे सवालों और विवादों के बाद गठित की गई थी.
तीन साल के कॉन्ट्रैक्ट पर होगी जनरल मैनेजरों की नियुक्ति
NTA ने चारों जनरल मैनेजर पदों पर शुरुआती तौर पर तीन वर्ष के कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर नियुक्तियां करने का फैसला किया है.
1. जनरल मैनेजर (Assessment Research & Development and Psychometrics): ये अफसर क्वेश्चन बैंक तैयार करने, एग्जाम मार्किंग सिस्टम, नॉर्मलाइजेशन, इक्वेटिंग और कैलिब्रेशन जैसी प्रोसेस की निगरानी करेगा. साथ ही कंप्यूटर एडैप्टिव टेस्टिंग (CAT) और एआई बेस्ड मूल्यांकन से जुड़े पायलट प्रोजेक्ट्स को लीड भी करेगा. इस पद के लिए साइकोमेट्रिक्स, एजुकेशनल मेजरमेंट, सांख्यिकी या संबंधित विषय में पीएचडी तथा कम से कम 12 वर्ष का अनुभव अनिवार्य है.
2. जनरल मैनेजर (Test Centre Network and Operations): यह अधिकारी देश के 500 से अधिक शहरों और कुछ अंतरराष्ट्रीय परीक्षा केंद्रों के संचालन की जिम्मेदारी संभालेगा. परीक्षा केंद्रों का चयन, क्षमता नियोजन, गुणवत्ता नियंत्रण, दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए सुविधाएं और परीक्षा दिवस की व्यवस्थाएं इसी पद के दायरे में होंगी.
3. जनरल मैनेजर (Information Security): ये पद NTA के मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी (Chief Information Security Officer – CISO) के तौर पर काम करेगा. इसकी जिम्मेदारी साइबर सिक्योरिटी, 24×7 सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर, डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट-2023, आईटी एक्ट-2000 और CERT-In के दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा .
4. जनरल मैनेजर (Vigilance, Investigation and Forensics): यह अधिकारी परीक्षा में गड़बड़ियों की जांच, डिजिटल फॉरेंसिक स्ट्रेंथ डेवलप करने और CBI, IB, ED, राज्य पुलिस और साइबर क्राइम यूनिट्स जैसी एजेंसियों के साथ तालमेल के साथ काम करेगा. इस पद के लिए जांच, सतर्कता या कानून प्रवर्तन में 15 वर्ष का अनुभव जरूरी है.
UPSC प्रतिभा सेतु से होगी 16 यंग प्रोफेशनल्स की भर्ती
NTA ने पहली बार UPSC के प्रतिभा सेतु पोर्टल के जरिये 16 यंग प्रोफेशनल्स की भर्ती का फैसला किया है. अप्लीकेशन केवल उन्हीं अभ्यर्थियों से मांगे गए हैं, जिन्होंने सिविल सेवा परीक्षा दी है और जिनका नाम प्रतिभा सेतु पोर्टल पर उपलब्ध है.
इन 16 पदों में 12 पद अकादमिक रिसर्च, 2 लीगल रिसर्च और 2 फाइनेंस और अकाउंट्स के लिए हैं. चयनित अभ्यर्थियों को शुरुआत में 24 महीने के लिए नियुक्त किया जाएगा, जिसे प्रदर्शन के आधार पर 36 महीने तक बढ़ाया जा सकेगा.
आने वाले समय में और होगी भर्ती
NTA ने कहा है कि विशेषज्ञ समिति की ओर से सुझाए गए 10 फंक्शनल वर्टिकल्स में भी आने वाले हफ्तों में नई भर्तियां और विशेषज्ञों का पैनल तैयार किया जाएगा. इसके अलावा सब्जेक्ट एक्सपर्ट ट्रांसलेटर्स, के नए पैनल के लिए भी Expression of Interest (EOI) जारी किया गया है. एजेंसी का कहना है कि इन सभी कदमों का उद्देश्य NTA की शैक्षणिक गुणवत्ता, परीक्षा संचालन, तकनीकी सुरक्षा और संस्थागत पारदर्शिता को मजबूत करना है, ताकि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की विश्वसनीयता और निष्पक्षता को और बेहतर बनाया जा सके.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू