संसद का मानसून सत्र अब तक हंगामे से भरा रहा है. विपक्ष अब सोमवार (27 जुलाई) को भी केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेगा, लेकिन आज का दिन काफी अहम होने वाला है. सरकार प्रश्नपत्र लीक और परीक्षाओं में अनुचित साधनों के इस्तेमाल से जुड़े अपराधों के खिलाफ सख्त प्रावधान वाले एक विधेयक को लोकसभा में पेश करने की तैयारी में है.
पीटीआई के मुताबिक, लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) अधिनियम, 2024 में संशोधन से संबंधित विधेयक को सोमवार की सदन की कार्यवाही के लिए सूचीबद्ध किया गया है. सदस्यों को वितरित विधेयक की प्रति के मुताबिक, परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक करने या अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वाले व्यक्तियों को कम से कम पांच साल और अधिकतम 10 साल तक के कारावास तथा 50 लाख रुपये तक के जुर्माने की सजा हो सकती है.
विधेयक में संगठित अपराधों के लिए कम से कम सात साल के कारावास और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रस्ताव है. प्रस्तावित संशोधनों के तहत सभी जांच दो महीने के भीतर पूरी करनी होंगी.
विधेयक में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को त्वरित अदालतें स्थापित करने का निर्देश देने का भी प्रस्ताव है. ये अदालतें आरोपपत्र दाखिल किए जाने के तीन महीने के भीतर मुकदमे की कार्यवाही पूरी करेंगी.
नीट पेपर लीक के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा जंतर मंतर पर आयोजित विरोध प्रदर्शन और फिर शिक्षा मंत्री के पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सरकार यह विधेयक पेश करने जा रही है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए एक उच्च अधिकार प्राप्त समिति बनाने की घोषणा भी की है.
बता दें पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों ने प्रदर्शन किया था. इसकी वजह से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा. उनकी जगह प्रह्लाद जोशी ने पद संभाला है. विपक्ष ने भी संसद में जमकर हंगामा किया था.
पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान संसद भवन पहुंच गए हैं. धर्मेंद्र प्रधान के संसद पहुंचने पर बीजेपी सांसदों ने उनका स्वागत किया.
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सार्वजनिक परीक्षाओं (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक पर कहा, ‘आपने (केंद्र सरकार) पहले जो कानून बनाए थे, क्या वे कमजोर थे? बच्चों पर पेलेट गन का इस्तेमाल क्यों हुआ? क्या आपको राष्ट्रीय सुरक्षा का खतरा महसूस हुआ था? वे पढ़े-लिखे बच्चे थे.’
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.