लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार शाम दिल्ली जा रही दो नेपाली महिलाओं के बैग से 32 बोर का एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। सुरक्षा जांच के दौरान कारतूस मिलने के बाद सीआईएसएफ ने दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया और बाद में सरोजनीनगर पुलिस को सौंप दिया। शस्त्र लाइसेंस दिखाने के बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, नेपाल निवासी निर्मल थापा और आशिका लखनऊ के अलीगंज में अपने परिचित ओम नारायण के यहां किराए पर रुकी हुई थीं। मंगलवार शाम वे इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान से दिल्ली जा रही थीं।
एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान उनके हैंडबैग से सीआईएसएफ को 32 बोर का एक जिंदा कारतूस मिला। इसके बाद सीआईएसएफ जवानों ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की और बाद में सरोजनीनगर पुलिस के हवाले कर दिया।
थाने पहुंचने के बाद महिलाओं ने अपने परिचित ओम नारायण को बुलाया, जिन्होंने अपने शस्त्र का लाइसेंस प्रस्तुत किया। पुलिस की जांच में सामने आया कि बरामद कारतूस ओम नारायण का था, जो संभवतः उनके घर पर रहने के दौरान गलती से महिलाओं के बैग में आ गया था।
इस पूरी प्रक्रिया के कारण दोनों महिलाओं की दिल्ली की उड़ान छूट गई। उन्हें वापस ओम नारायण के घर लौटना पड़ा।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.