भारत-नेपाल सीमा पर मानव तस्करी रोकने के लिए बुधवार को सोनौली पुलिस चौकी में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 22वीं बटालियन के सहायक कमांडेंट संदीप सिंह ने इसकी अध्यक्षता की।
बैठक में मानव तस्करी, बाल श्रम, बाल विवाह और बाल शोषण जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर चर्चा की गई।
दोनों देशों के सुरक्षा और प्रशासनिक तंत्र के बीच समन्वय मजबूत करने और मानक संचालन प्रणाली (SOP) को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया। पीड़ितों की पहचान और उनके पुनर्वासन के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।
बैठक में यह निर्देश दिया गया कि मानव तस्करी से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस और एसएसबी को दी जाए। स्वयंसेवी संस्थाओं को सीमा पर आने-जाने वाले लोगों को सुरक्षित आवागमन और हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस बैठक में सोनौली पुलिस चौकी प्रभारी विशाल सिंह, मानव तस्करी रोधी इकाई के प्रभारी कुमार पवन, बाल कल्याण पुलिस अधिकारी हरिश्चंद्र गौतम और नेपाल पुलिस के एएसआई सुमन परियार शामिल हुए। इनके अतिरिक्त, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि अंकित, श्रवण कुमार, सुनील कुमार, पुष्पा देवी और सत्यनारायण भी उपस्थित थे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.