बलिया में जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय और किसान पीजी कॉलेज, रतसर में गुरुवार को ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ, जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय और मेरा युवा भारत के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 100 से अधिक छात्र-छात्राओं और युवाओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नीरज शेखर मुख्य अतिथि और विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल विशिष्ट अतिथि रहे। सांसद नीरज शेखर ने कहा कि नियमित खेल और शारीरिक गतिविधियां स्वस्थ जीवनशैली के लिए जरूरी हैं। इससे रक्तचाप और मधुमेह जैसी बीमारियों का जोखिम कम करने में मदद मिलती है। उन्होंने युवाओं से खेल को केवल प्रतियोगिता तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
देखें, 4 तस्वीरें..
कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल ने विश्वविद्यालय परिसर में खेलों से जुड़ी सुविधाओं के विकास की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाते हुए स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) से जुड़े खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने भी हिस्सा लिया। खिलाड़ी शौर्य सिंह और शालिनी तथा कोच अजय राज सिंह ने खेल और प्रशिक्षण से जुड़े अपने अनुभव युवाओं के साथ साझा किए।
इस दौरान युवाओं ने सांसद और कुलपति के समक्ष खेलों से संबंधित सुझाव और अपेक्षाएं रखीं। बताया गया कि देशभर के 1600 से अधिक महाविद्यालयों से जुड़े 10 लाख से अधिक युवाओं ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। कार्यक्रम के अंत में युवाओं का मेरा युवा भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराया गया।
इस मौके पर जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार सिंह, डॉ. संजीव सिंह समेत विश्वविद्यालय के शिक्षक और अधिकारी मौजूद रहे। जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा ने आभार व्यक्त किया।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.