भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और बिहार पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने 9 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। इस दौरान एक मोटरसाइकिल और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
बुधवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, यह कार्रवाई 1 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। विशेष संयुक्त गश्ती दल को संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 180 से लगभग 300 मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में, टिकुलिया बस्ती के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका और उसकी तलाशी ली।
जब्त नशीले पदार्थ और आरोपी को जोगबनी थाना पुलिस को सौंपा
तलाशी के दौरान युवक के पास से 9 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) मिली। गिरफ्तार युवक की पहचान किशन कुमार साह (24) के रूप में हुई है। वह अररिया जिले के जोगबनी स्थित टिकुलिया (इंद्रानगर) वार्ड संख्या- 04 का रहने वाला है।
संयुक्त टीम ने जब्त नशीले पदार्थ और गिरफ्तार युवक को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जोगबनी थाना पुलिस को सौंप दिया है।
सुरक्षा बल सीमा क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार गश्त और निगरानी कर रहे हैं। प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि सशस्त्र सीमा बल नशीले पदार्थों के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखेगा।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.