18वां BRICS सम्मेलन शनिवार से शुरू होने जा रहा है और शुक्रवार से मेहमानों के आगमन का दौर शुरू हो गया है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन नई दिल्ली पहुंच चुके हैं। दोपहर में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात करेंगे। इसके अलावा चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी 7 साल बाद भारत पहुंच रहे हैं। खास बात है कि गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प के 6 साल बाद यह मीटिंग होगी।
सम्मेलन में शामिल होने वाले अन्य प्रमुख नेताओं में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी, अबू धाबी के शहजादे मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, UN यानी संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस और विश्व स्वास्थ्य संगठन प्रमुख समेत कई नेता शामिल हैं।
12:41 PM- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, ‘भयानक 9/11 हमलों को 25 साल हो गए हैं। हम पीड़ितों को याद कर रहे हैं और उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। साथ ही उन पीड़ित परिवारों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। आतंकवाद ने दुनिया भर में अनगिनत लोगों की जान ली है। सीमा जैसे-जैसे खतरा बदल रहा है, आतंकवाद के हर रूप के खिलाफ हमारा विरोध और संकल्प मजबूत बना हुआ है। हम इस बुराई को हराने के लिए किए जा रहे हर प्रयास के साथ एकजुट हैं।पार आतंकवाद के शिकार के तौर पर भारत कई दशकों से इस लड़ाई में सबसे आगे रहा है।’
12:26 PM- केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को BRICS के देशों से अपनी-अपनी पेमेंट सिस्टम को आपस में जोड़ने और स्थानीय करेंसी में व्यापार बढ़ाने अपील की है। उन्होंने कहा कि इससे BRICS देशों के बीच व्यापार बढ़ेगा और सप्लाई चेन ज्यादा मजबूत और भरोसेमंद बनेगी। उन्होंने कहा, “आज UPI को 11 देशों में स्वीकार किया जा रहा है। मैं BRICS के सदस्य और साझेदार देशों से आग्रह करता हूं कि हम अपनी पेमेंट सिस्टम को आपस में जोड़ें, एक-दूसरे की स्थानीय करेंसी में व्यापार करें, डिजिटल व्यापार को वैश्विक बनाएं और भविष्य की उभरती तकनीकों के लिए मिलकर काम करें।”
12:13 PM- राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार से शुरू हो रहे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस के 15,000 जवानों और अर्ध सैनिक बलों की 200 कंपनी तैनात की गई हैं। वहीं राजधानी में चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए 500 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। हालांकि दिल्ली यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शिखर सम्मेलन के मद्देनजर पूरी दिल्ली बंद नहीं होगी लेकिन वीवीआईपी के काफिलों की आवाजाही के दौरान कुछ मार्गों पर अस्थायी रूप से वाहनों को रोका जा सकता है, रास्ता डायवर्ट किया जा सकता है और कुछ रास्तों पर प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।
12:02 PM- BRICS शिखर सम्मेलन से पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहने वाला है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के अलावा पीएम मोदी संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो संग भी अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। कार्यक्रम के मुताबिक पीएम मोदी-पुतिन की बैठक शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे होने की उम्मीद है। इसके बाद पीएम मोदी संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से मुलाकात करेंगे।
11:53 AM- राष्ट्रीय राजधानी में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए सेंट्रल दिल्ली रोशनी, फूलों और ब्रिक्स थीम वाली सजावट से सजी नजर आ रही है। अधिकारियों के मुताबिक पटेल चौक, विंडसर प्लेस, मंडी हाउस, तीन मूर्ति, लोक कल्याण मेट्रो स्टेशन और पीएमओ गोलचक्कर समेत कई जगहों पर सजावटी लाइट लगाई गई हैं। महत्वपूर्ण मार्गों पर बिजली के खंभों पर सम्मेलन की ‘थीम’ वाले पोस्टर भी लगाए गए हैं। राष्ट्रीय राजधानी में 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को आयोजित किया जा रहा है। भारत इस समूह की अध्यक्षता और सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।
11: 44 AM- ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन भारत के लिए रवाना हो गए हैं। हैदराबाद में ईरानी दूतावास ने बताया है कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए पेजेशकियन ईरान से निकल गए हैं। कुछ ही देर में उनके दिल्ली पहुंचने की संभावना है।
11: 40 AM- भारत रवाना होने से पहले ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने एक बयान में कहा, “ब्रिक्स का न्यू डेवलपमेंट बैंक देशों को डॉलर पर निर्भरता से मुक्त करने और अमेरिका की धौंस बनाने की कोशिशों का मुकाबला करने के उद्देश्य से बनाया गया था।”
11: 35 AM- ब्रिक्स सम्मेलन में आने से पहले ईरानी राष्ट्रपति ने अमेरिका को बड़ा संदेश दे दिया है।
11: 30 AM- BRICS बिजनेस फोरम को संबोधित करते हुए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि ब्रिक्स दुनिया की आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने कहा, हम सभी को मिलकर काम करना होगा, ताकि हमारे प्रयासों का नतीजा हमारे लोगों के लिए रोजगार, BRICS सदस्य देशों के लिए समृद्धि और आर्थिक खुशहाली के रूप में सामने आए। BRICS दुनिया की आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करता है और वैश्विक जीडीपी में इसकी हिस्सेदारी करीब 40 प्रतिशत है।”
11: 11 AM- BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने कहा है कि यह कार्यक्रम सफल जरूर होगा। उन्होंने शुक्रवार को एक बयान में कहा है, “मैं कहना चाहूंगा कि इस साल का BRICS शिखर सम्मेलन और भारत की अध्यक्षता सफलता की ओर अग्रसर है। भारत ने अपना रोल बखूबी अदा किया है।
11: 00 AM- ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आज कुछ अहम बैठकें होनी हैं। आधिकारिक सूचना के मुताबिक पीएम मोदी आज रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन और संयुक्त राष्ट्र महासचिव के साथ अहम द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। बैठकों की टाइमिंग कुछ इस तरह है:
पुतिन से मुलाकात- 3:30 PM
पेजेशकियन संग बैठक- 6:15 PM
संयुक्त राष्ट्र महासचिव संग बैठक- 6:45 PM
10:52 AM- 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के तहत नई दिल्ली में BRICS बिजनेस फोरम शुरू हो गया है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल समेत कई नेता और अधिकारी यहां पहुंच गए हैं और कार्यक्रम को संबोधित कर रहे हैं। जयशंकर ने ब्रिक्स के 20 साल पूरे होने को बड़ी उपलब्धि बताया है।
10:45 AM- चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भारत दौरे पर पूरी दुनिया की निगाहें टिकी हैं। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में जिनपिंग और पीएम मोदी की मुलाकात से पहले अब एक चीनी पत्रकार ने अहम बात कही है। सीजीटीएन की चीनी पत्रकार ली जिंगजिंग ने कहा कि बदलती वैश्विक व्यवस्था के बीच पूरी दुनिया की नजर भारत और चीन पर है कि दोनों देश मिलकर किस तरह काम करते हैं।
10:33 AM- खबरें हैं कि दिल्ली पुलिस और सेंट्रल सिक्योरिटी एजेंसियों ने राष्ट्रीय राजधानी में चौकसी बढ़ा दी है। आईबी ने अलर्ट जारी किया है कि इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान भारत की छवि बिगाड़ने के इरादे से वीआईपी मूवमेंट में रुकावट डालने और सुरक्षा व्यवस्था को तोड़ने की कोशिश की जा सकती है। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है।
10:12 AM- DMRC ने कहा, ‘BRICS समिट के कारण ट्रैफिक पाबंदियों के बीच, परीक्षा देने वाले छात्रों और आम जनता की आवाजाही को आसान और समय पर बनाए रखने के लिए, रविवार, 13 सितंबर 2026 को सभी लाइनों पर मेट्रो ट्रेन सेवाएं सुबह 06:00 बजे शुरू हो जाएंगी।’
10:09 AM- NTGR इंजीनियरिंग के फाउंडर और मैनेजिंग डायरेक्टर एबेदनिको मखारी ने कहा, ‘यह बहुत अच्छी बात है क्योंकि यह एक ऐसा ब्लॉक है जो हम दक्षिण अफ्रीकी लोगों, बिजनेस प्रतिनिधियों और ब्रिक्स प्लस देशों के अन्य बिजनेस डेलीगेट्स के लिए जरूरी है। हम साथ मिलकर काम करने और यह सुनिश्चित करने के लिए उत्सुक हैं कि हम प्रतियोगी नहीं बल्कि सहयोगी हों… भारत अब तक व्यापार और समाधानों के मामले में अच्छा काम कर रहा है… हम भारतीय कंपनियों के साथ पार्टनरशिप करने के लिए उत्साहित हैं ताकि हम टेक्नोलॉजी भी शेयर कर सकें और इसे आगे बढ़ाते हुए GDP को सबसे ऊंचे स्तर पर ले जा सकें…।’
9:52 AM- डीएमआरसी के मुताबिक, सभी मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक खुले रहेंगे। मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी, जब तक किसी स्टेशन या लाइन को लेकर अलग से कोई सूचना जारी नहीं दी गई है। हालांकि सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन स्थित मेट्रो म्यूजियम 13 सितंबर तक बंद रहेगा।
9:48 AM- BRICS बिजनेस फोरम के साथ BRICS समिट 2026 की शुरुआत हुई। विदेश मंत्री एस जयशंकर, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल वक्ताओं में शामिल हैं।
9:37 AM- दिल्ली यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शिखर सम्मेलन के मद्देनजर पूरी दिल्ली बंद नहीं होगी लेकिन VVIP के काफिलों की आवाजाही के दौरान कुछ मार्गों पर अस्थायी रूप से वाहनों को रोका जा सकता है, मार्ग परिवर्तित किया जा सकता है और कुछ रास्तों पर प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। अधिकारियों के अनुसार जहां सुरक्षा व्यवस्था अनुमति देगी, वहां यातायात सामान्य रूप से जारी रहेगा। विदेशी राष्ट्राध्यक्षों के काफिले के गुजरने के दौरान आम वाहनों पर लगने वाली रोक की कोई निश्चित अवधि नहीं होगी।
9:28 AM- नाइजीरिया की विदेश मंत्री बियांका ओडुमेग्वु ओजुकुु, उरुग्वे के विदेश मंत्री मारियो लुबेटकिन 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचीं। बेलारूस, बोलीविया, क्यूबा, कजाकिस्तान, मलेशिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम के साथ-साथ नाइजीरिया के पास भी BRICS पार्टनर देश का दर्जा है।
9:24 AM- रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत पहुंचे हैं। भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी बातचीत 11 सितंबर को होने वाली है। दोपहर 3 बजकर 30 मिनट पर बैठक हो सकती है।
9:22 AM- पीएम मोदी ने कहा, ‘अगले कुछ दिनों में दुनियाभर के नेता BRICS Summit के लिए जुटेंगे। पूर्ण विश्वास है कि सम्मेलन में विश्व कल्याण की कामना के साथ विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा होगी।’
9:20 AM- ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है और दिल्ली पुलिस के 15,000 जवानों तथा अर्ध सैनिक बलों की 200 कंपनी तैनात की गई हैं।
निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play