भदैया के सकरसी ग्राम पंचायत के मधुकरिया मौजा में बिजली विभाग की लापरवाही सामने आई है। यहां गांव को जाने वाली एलटी लाइन का तार इतना नीचे झूल रहा है कि कोई भी राहगीर हाथ उठाते ही उसकी चपेट में आ सकता है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।
जिस जगह यह तार झूल रहा है, वहां से शंभुगंज, अलीपुर और अमारी समेत कई ग्राम पंचायतों को जोड़ने वाला रास्ता गुजरता है। इस रास्ते से रोज सैकड़ों बाइक सवार, राहगीर, किसान और स्कूली वाहन निकलते हैं। ग्रामीण अशोक वर्मा, हरिपूजन, जय प्रकाश, वंदना, साछी और मनोज सिंह के मुताबिक, मोड़ लेते समय तार से वाहन सवार या राहगीर के टकराने का खतरा और बढ़ जाता है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इसी जगह से करीब दो से ढाई किलोमीटर दूर शंभुगंज में एक महीने पहले बिजली का हादसा हुआ था। इसमें सकवा निवासी दो सब्जी विक्रेताओं की मौत हो गई थी। इसके बावजूद विभाग ने कोई सबक नहीं लिया। यहां खंभों की दूरी ज्यादा होने के कारण बांस-बल्ली के सहारे बिजली लाइन खींची गई है और कई जगह तार बुरी तरह झूल रहे हैं।
ग्रामीणों में डर और गुस्सा दोनों है। उनका कहना है कि अगर समय रहते तार को ऊंचा कर ठीक नहीं किया गया, तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी, यह सवाल भी उन्होंने उठाया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के एक्सईएन से तुरंत मौके पर आकर लाइन ठीक कराने की मांग की है। स्थानीय विधायक सीताराम वर्मा से भी अपील की गई है कि वे इसमें दखल दें और ग्रामीणों को इस जानलेवा खतरे से छुटकारा दिलाएं। शिवगढ़ के अवर अभियंता जय प्रकाश ने बताया कि जल्द ही पोल लगाकर तारों को कसवाया जाएगा।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.