OnePlus ने भारत में अपने नए स्मार्टफोन OnePlus N6 Lite के लॉन्च का एलान कर दिया है। ये फोन 22 …और पढ़ें
OnePlus N6 Lite भारत में जल्द होगा लॉन्च।
टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। OnePlus N6 Lite अगले हफ्ते भारत में लॉन्च किया जाएगा, स्मार्टफोन मेकर ने इसका आधिकारिक तौर पर एलान बीते दिनों कर दिया है। इसके अलावा, कंपनी ने इस अपकमिंग हैंडसेट के मेजर स्पेसिफिकेशन्स और फीचर्स का भी खुलासा कर दिया है, जिसमें इसकी बैटरी कैपेसिटी और डिस्प्ले डिटेल्स शामिल हैं। टेक फर्म ने ये भी बताया है कि फोन की कीमत और लॉन्च ऑफर्स का खुलासा अगले हफ्ते लॉन्च के दिन ही किया जाएगा। अपकमिंग OnePlus N6 Lite दो कलर ऑप्शन्स में मिलेगा। ये कई AI-पावर्ड फीचर्स के साथ आएगा, जिनमें AI Clear Face और AI Eraser शामिल हैं। टेक फर्म का कहना है कि ये हैंडसेट मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी भी ऑफर करेगा। हालांकि, इसके चिपसेट और कैमरा कॉन्फिगरेशन को अभी सीक्रेट रखा गया है।
बीते मंगलवार को टेक फर्म ने घोषणा की कि उसका नया OnePlus N6 Lite भारत में 22 सितंबर को लॉन्च होगा। इस घोषणा के तहत कंपनी ने आने वाले फोन के मेन स्पेसिफिकेशन्स और फीचर्स से पर्दा भी उठाया दिया है। OnePlus N6 Lite दो कलर ऑप्शन्स- मिडनाइट हाइप और नियो ग्रीन में बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। स्मार्टफोन 7,000mAh की बड़ी बैटरी से लैस होगा। टेक फर्म का दावा है कि ये हैंडसेट सिंगल चार्ज में 3 दिन तक की बैटरी लाइफ देगा।
इसके अलावा, दावा किया गया है कि OnePlus N6 Lite सिंगल चार्ज पर 26.8 घंटे तक का वीडियो प्लेबैक, गूगल मैप्स के जरिए 29.9 घंटे का नेविगेशन या 49.7 घंटे तक की फोन कॉल्स दे सकता है। फोन रिवर्स वायर्ड चार्जिंग सपोर्ट के साथ आएगा, जिससे यूजर्स ऑडियो प्रोडक्ट्स समेत दूसरे डिवाइसेस को भी चार्ज कर सकेंगे। कंपनी का ये भी दावा है कि 6 साल के इस्तेमाल के बाद भी ये फोन अपनी ओरिजिनल बैटरी हेल्थ का 80 परसेंट से ज्यादा हिस्सा बरकरार रखेगा, और इस हैंडसेट को 1,600 चार्ज साइकिल्स के लिए टेस्ट किया गया है।
OnePlus N6 Lite में 6.75-इंच का फ्लैट डिस्प्ले मिलेगा, जो 120Hz तक का रिफ्रेश रेट देगा। स्क्रीन ‘Aqua Touch’ को भी सपोर्ट करेगी, जिससे यूजर्स गीली उंगलियों से या स्क्रीन पर नमी और तेल होने पर भी फोन को आसानी से इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके साथ ही, OnePlus N6 Lite में MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी मिलने का दावा किया गया है। फोन की थिकनेस 8.95mm होगी, जबकि इसका वजन लगभग 215 ग्राम होगा।
आखिर में, स्मार्टफोन मेकर का कहना है कि OnePlus N6 Lite में 36 महीनों का ‘फ्लूएंसी प्रोटेक्शन’ मिलेगा। ये AI Clear Face और AI Eraser जैसे AI-बेस्ड टूल्स के साथ लॉन्च होगा। ये स्मार्टफोन भारत में Amazon, वनप्लस इंडिया ऑनलाइन स्टोर और चुनिंदा ऑफलाइन रिटेल स्टोर्स के जरिए सेल के लिए उपलब्ध होगा। बाकी सभी डिटेल्स का खुलासा लॉन्च के दिन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: क्या अब UPI पेमेंट करने पर कटेगा पैसा? NPCI ने दूर किया हर कन्फ्यूजन, जानें 25 सवालों के जरिए जवाब