'चैट डिलीट होने के बाद कैसे पकड़े जाते हैं?', केतन मर्डर केस में आरोपी की सर्च हिस्ट्री आई सामने – Aaj Tak

Feedback
महाराष्ट्र के लोहगढ़ किले में केतन अग्रवाल की मौत के मामले में पुलिस की जांच में कई अहम बातें सामने आई हैं. पुलिस की 5,053 पन्नों की चार्जशीट में किले की तस्वीरों, व्हाट्सऐप चैट और चैटजीपीटी पर की गई सर्च का जिक्र है. पुलिस का आरोप है कि केतन को खाई में धकेलने से पहले भी उसे वहां ले जाया गया था. जांच में यह भी सामने आया है कि केतन की मौत के बाद आरोपी के मोबाइल से कई तरह की सर्च की गई थीं.
इस मामले में सिया गोयल, चेतन चौधरी और रितेश हांगे आरोपी हैं. पुलिस के मुताबिक, सिया और केतन 31 मई 2026 को लोहगढ़ किले गए थे. चार्जशीट में पुलिस ने दावा किया है कि सिया ने वहां केतन को उसी जगह खड़ा किया था, जहां से 18 जून को उसे खाई में धक्का दिया गया. पुलिस का कहना है कि सिया ने उस दौरान केतन की पीछे से अलग-अलग कोणों से तस्वीरें खींची थीं. तस्वीरों में किला, जलाशय और आसपास का इलाका भी दिखाई दे रहा था. पुलिस को शक है कि इन तस्वीरों का इस्तेमाल वारदात की तैयारी के लिए किया गया था.
चार्जशीट के मुताबिक, सिया और केतन 14 जून को भी लोहगढ़ किले गए थे. पुलिस का आरोप है कि उस दिन सिया ने केतन को धक्का देने की कोशिश की थी, लेकिन वह सफल नहीं हुई. पुलिस ने इन घटनाओं को अपनी जांच का हिस्सा बनाया है.
1,801 चैट की जांच, डिलीट की गईं 11 बातचीत भी मिलीं
पुलिस ने आरोपियों से जुड़े करीब 1,801 चैट और डिजिटल बातचीत की जांच की. चार्जशीट के मुताबिक, इनमें से व्हाट्सऐप की 11 बातचीत डिलीट कर दी गई थीं. पुलिस का दावा है कि फॉरेंसिक जांच की मदद से इन बातचीत को दोबारा हासिल किया गया. जांच में मोबाइल फोन का डेटा, कॉल रिकॉर्ड, तस्वीरें और तकनीकी रिपोर्ट भी शामिल हैं. पुलिस ने चैटजीपीटी, इंस्टाग्राम, फेसबुक, स्नैपचैट और व्हाट्सऐप जैसे ऐप पर इस्तेमाल से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाले. चार्जशीट में चैटजीपीटी से जुड़े 81 रिकॉर्ड और व्हाट्सऐप से जुड़े 367 रिकॉर्ड या सर्च का जिक्र है.
चैटजीपीटी पर माफी मांगने से लेकर पुलिस की जांच तक सर्च
केतन की मां से विवाद के बाद सिया ने चैटजीपीटी पर अपनी सास से माफी मांगने और पति को मनाने के तरीके खोजे थे. जांचकर्ताओं का दावा है कि केतन की मौत के बाद शोक जताने के तरीकों के बारे में भी सर्च की गई. इतना ही नहीं, पुलिस का यह भी कहना है कि केतन की मौत के बाद मीडिया और अखबारों में छपी खबरों के बारे में जानकारी खोजी गई. इसके अलावा, डिलीट की गई चैट को पुलिस कैसे वापस हासिल कर सकती है और जांच के दौरान डिजिटल डेटा कैसे निकाला जाता है, इस बारे में भी सर्च की गई थी.
जांच के दौरान पुलिस ने कई चर्चित फिल्मों और मामलों की भी पड़ताल की है. चार्जशीट में बदला, चोर निकल के भागा, ऑफ सीजन, हिट: द फर्स्ट केस और इत्तेफाक जैसी सस्पेंस फिल्मों का जिक्र मिलता है. इसके अलावा, पुलिस ने अपराध से जुड़े एक पॉडकास्ट, साल 2025 में लोहगढ़ में हुई एक अन्य मौत और मेघालय के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड से जुड़ी ऑनलाइन सर्च को भी खंगाला है. मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस ने करीब 9,200 वीडियो, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और गवाहों के बयानों की बारीकी से जांच की है. चार्जशीट में यह भी सामने आया है कि पर्यटकों द्वारा खींची गई कुछ तस्वीरों में केतन, सिया और चेतन एक साथ नजर आए थे, जिन्हें पुलिस ने अहम सुबूत के तौर पर शामिल किया है.
एक गवाह ने पुलिस को बताया कि केतन 16 मई को अपनी एक महिला दोस्त से मिलने गया था. गवाह के मुताबिक, केतन ने बातचीत में सिया की शराब पीने की आदत, खुद पर दबाव बनाए जाने और उसकी पढ़ाई से जुड़ी गलत जानकारी देने की बात कही थी. पुलिस ने इन तस्वीरों, चैट, वीडियो और गवाहों के बयानों को चार्जशीट में शामिल किया है. हालांकि, आरोपियों के खिलाफ पुलिस की ओर से लगाए गए आरोपों पर अदालत में सुनवाई होनी बाकी है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News