Kishanganj News: ठाकुरगंज, निज संवाददाता। भारत-नेपाल सीमा पर मानव तस्करी की कोशिश को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 41वीं वाहिनी रानीडांगा के जवानों ने नाकाम कर दिया। रविवार की देर रात को पानीटंकी स्थित सीमा जांच चौकी पर वाहन जांच के दौरान 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को मुक्त कराया गया। पूछताछ में सिलीगुड़ी के सालुगाड़ा स्थित किराये के मकान में एक अन्य नाबालिग लड़की के रखे जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस और सामाजिक संस्था की संयुक्त कार्रवाई में दूसरी लड़की को भी सुरक्षित मुक्त कराया गया। मामले में गुजरात निवासी 61 वर्षीय महेश भूरालाल तन्ना और बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी 34 वर्षीय चालक नवीन कुमार को हिरासत में लिया गया है। नेपाल जा रही गाड़ी की जांच में खुला मामला
एसएसबी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 11 अक्टूबर को शाम करीब पांच बजे पानीटंकी स्थित बॉर्डर इंटरैक्शन टीम (बीआईटी) न्यू ब्रिज के जवान नियमित वाहन जांच कर रहे थे। इसी दौरान भारत से नेपाल की ओर जा रही गाड़ी को रोककर जांच की गई। वाहन में महेश भूरालाल तन्ना, चालक नवीन कुमार और मिजोरम निवासी 17 वर्षीय नाबालिग लड़की सवार थी।
प्रारंभिक पूछताछ में लड़की ने बताया कि वह महेश तन्ना के साथ नेपाल जा रही थी। उसे बताया गया था कि वहां खरीदारी और कैसीनो घूमने जाना है। लड़की के अनुसार, वह सिलीगुड़ी के सालुगाड़ा के पास एक किराये के फ्लैट में उसके साथ रह रही थी। उसे मुंबई और गोवा स्थित स्पा केंद्रों में नौकरी दिलाने का प्रलोभन दिया गया था।
मोबाइल जांच में मिले आपत्तिजनक फोटो-वीडियो
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसबी रानीडांगा के क्षेत्रीय मुख्यालय की मानव तस्करी रोधी इकाई और सिलीगुड़ी की सामाजिक संस्था कोसी लोक मंच को मौके पर बुलाया गया। संयुक्त पूछताछ के दौरान महेश तन्ना ने कथित तौर पर बताया कि मिजोरम में रहने वाले एक एजेंट ने करीब दस दिन पहले लड़की को उसके पास भेजा था। उसने नाबालिग होने की बात स्वीकार करते हुए लड़की को बालिग होने तक चार हजार रुपये में घरेलू काम पर रखने की बात कही। प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, आरोपित के मोबाइल फोन की जांच में एक नाबालिग और दूसरी अज्ञात महिला के आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो मिले। ये सामग्री मोबाइल के ‘हाल ही में हटाए गए’ खंड में सुरक्षित थी। एसएसबी के अनुसार, बरामद डिजिटल सामग्री से यौन शोषण की आशंका सामने आई है। हालांकि, मामले में आगे की जांच पुलिस कर रही है।
सालुगाड़ा के मकान से दूसरी लड़की भी मुक्त
पूछताछ के दौरान सालुगाड़ा स्थित किराये के मकान में दूसरी नाबालिग लड़की के होने की जानकारी मिली। इसके बाद एसएसबी ने संबंधित सूचना कोसी लोक मंच और स्थानीय पुलिस के साथ साझा की। सूचना के आधार पर पुलिस और संस्था की टीम ने किराये के मकान पर कार्रवाई कर दूसरी नाबालिग को भी सुरक्षित मुक्त करा लिया। यह मकान एसएसबी के निर्धारित परिचालन क्षेत्र से बाहर था, फिर भी समय पर सूचना साझा किए जाने से संयुक्त कार्रवाई संभव हो सकी।
अस्पताल में जांच, पुलिस को सौंपे गए आरोपित
दोनों नाबालिगों को खोरीबाड़ी ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद दोनों लड़कियों, दोनों आरोपितों और जब्त वाहन को खोरीबाड़ी थाने के हवाले कर दिया गया। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कोसी लोक मंच बाल कल्याण से जुड़ी संस्थाओं के समन्वय से दोनों लड़कियों की सुरक्षित देखभाल, परामर्श और परिजनों तक पहुंचाने की प्रक्रिया में सहयोग कर रहा है। एसएसबी की 41वीं वाहिनी ने कहा कि सीमा पर सतर्कता और विभिन्न एजेंसियों के बीच त्वरित समन्वय से मानव तस्करी की कोशिश को विफल करने के साथ दूसरी नाबालिग को भी सुरक्षित मुक्त कराने में सफलता मिली। मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में ‘हिन्दुस्तान’ विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्यों सहित देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्करण प्रकाशित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपरि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद विस्तार से न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play