चीन वाले मिठाई पर रखकर बेच रहे कॉकरोच जैसा कीड़ा, तस्वीरें देख हैरान हुए लोग – AajTak

चीन में एक रेस्टोरेंट की अनोखी डिश सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है. यहां एग टार्ट के ऊपर बड़े-बड़े कीड़े रखकर बेचे जा रहे हैं. देखने में ये कीड़े बिल्कुल बड़े कॉकरोच जैसे लगते हैं. तस्वीरें सामने आने के बाद कुछ लोग इस डिश को देखकर हैरान हैं, तो कुछ लोग इसे चखने के लिए उत्सुक हैं. हालांकि, रेस्टोरेंट के मालिक का कहना है कि एग टार्ट पर रखे गए कीड़े कॉकरोच नहीं, बल्कि पानी में रहने वाले एक खास तरह के बीटल हैं, जिन्हें खाया जा सकता है.
एग टार्ट पर क्यों रखे जा रहे हैं कीड़े?
यह अनोखी डिश चीन के ग्वांगडोंग प्रांत के शुंडे इलाके में एक रेस्टोरेंट में मिल रही है. यहां अक्टूबर 2026 की शुरुआत में ‘वॉटर रोच एग टार्ट’ नाम से इसे बेचना शुरू किया गया. एग टार्ट एक तरह की मीठी पेस्ट्री होती है, जिसके अंदर अंडे से बना नरम और क्रीमी मिश्रण भरा जाता है. लेकिन इस रेस्टोरेंट ने इसे आम एग टार्ट से अलग बनाने के लिए इसके ऊपर एक पूरा तला हुआ कीड़ा रखना शुरू कर दिया. इस डिश की तस्वीरें चीनी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसकी अजीब बनावट और नाम की वजह से लोग इसके बारे में जानना चाहते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, तीन एग टार्ट के एक सेट की कीमत 28 चीनी युआन यानी करीब 350 रुपये है.
कॉकरोच नहीं, पानी में रहने वाला खास कीड़ा
रेस्टोरेंट के मालिक पैन के मुताबिक, इस डिश में इस्तेमाल होने वाला कीड़ा असल में कॉकरोच नहीं है. यह पानी में रहने वाला डाइविंग बीटल नाम का कीड़ा है. दक्षिणी चीन के कुछ इलाकों में इसे खाने की परंपरा रही है. इसका इस्तेमाल पारंपरिक चीनी चिकित्सा में भी किया जाता है. हालांकि, पारंपरिक मान्यताओं में इस कीड़े को त्वचा और किडनी के लिए फायदेमंद माना जाता है और ऐसा भी कहा जाता है कि यह शरीर में खून के बहाव से जुड़ी कुछ समस्याओं में मदद कर सकता है. लेकिन इन दावों को साबित करने के लिए वैज्ञानिक प्रमाण जरूरी हैं.
कैसे तैयार किया जाता है यह अजीब एग टार्ट?
रेस्टोरेंट के मालिक ने बताया कि इस डिश को बनाने के लिए सबसे पहले कीड़ों की स्मेल दूर की जाती है. इसके बाद उन्हें सही तापमान पर तेल में तला जाता है, ताकि वे कुरकुरे हो जाएं. कीड़ों के पंखों को भी लगा रहने दिया जाता है, जिससे उनका अलग रूप बना रहे. इसके बाद इन तले हुए कीड़ों को एग टार्ट के ऊपर रखकर परोसा जाता है. मालिक के मुताबिक, इस डिश में मीठे एग टार्ट के साथ कीड़े का नमकीन और कुरकुरा स्वाद मिलता है. उन्होंने इसके स्वाद की तुलना एग टार्ट के ऊपर कुरकुरे आलू के चिप्स रखने से की है.
दूर-दूर से इसे खाने पहुंच रहे लोग
इस डिश को लेकर लोगों की राय अलग-अलग है. कुछ लोग इसे खाने के बारे में सोचकर ही असहज महसूस कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसके अनोखे स्वाद को आजमाना चाहते हैं. रिपोर्ट के अनुसार, ग्वांगझोउ और हांगकांग जैसे इलाकों से भी लोग इसे चखने के लिए पहुंच रहे हैं. रेस्टोरेंट का मालिक रोजाना इसके करीब 20 सेट बेचने की बात कहता है. सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसकी तस्वीर देखकर हैरानी जताई है. कुछ लोगों का कहना है कि कीड़ा देखने में कॉकरोच जैसा लगता है, इसलिए वे इसे खाने की कल्पना भी नहीं कर सकते. वहीं, कुछ लोग इसे दक्षिणी चीन की पारंपरिक खानपान संस्कृति से जोड़कर देख रहे हैं.
फिलहाल, इस अनोखी डिश ने अपने स्वाद से ज्यादा अपनी शक्ल और उसमें इस्तेमाल किए गए कीड़े की वजह से लोगों का ध्यान खींचा है. यह मामला दिखाता है कि खाने-पीने की दुनिया में कुछ नया करने की कोशिशें किस तरह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन सकती हैं.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News