Edited By Alsaba Zaya
Liam Livingstone/ Image Source: ANI
IPL 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले फ्रेंचाइजियों ने अपनी टीमों को मजबूत करने के लिए खिलाड़ियों की अदला-बदली पर काम शुरू कर दिया है. हार्दिक पांड्या के संभावित ट्रेड की चर्चाओं के बीच अब इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन का नाम भी सुर्खियों में है. खबरों के मुताबिक, चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) इस विस्फोटक खिलाड़ी को अपनी टीम में शामिल करना चाहती है. इसके लिए उसने सनराइजर्स हैदराबाद से संपर्क किया है. हालांकि, अभी तक दोनों फ्रेंचाइजियों के बीच कोई अंतिम सहमति नहीं बन पाई है.
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, चेन्नई लिविंगस्टोन को ट्रेड के जरिए टीम में लाने की संभावनाओं पर विचार कर रही है. हैदराबाद ने पिछले ऑक्शन में उन्हें 13 करोड़ रुपये खर्च करके खरीदा था. लेकिन पिछले सीजन में उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा. ऐसे में SRH भी उनके भविष्य को लेकर फैसला लेने पर विचार कर रही है. रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि उत्तर भारत की एक अन्य फ्रेंचाइजी ने लिविंगस्टोन को लेकर दिलचस्पी दिखाई है. फिलहाल इन सभी संभावनाओं पर शुरुआती स्तर पर चर्चा चल रही है.
लियाम लिविंगस्टोन के लिए IPL 2026 का सीजन किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा. 33 वर्षीय ऑलराउंडर को हैदराबाद की तरफ से केवल दो मुकाबलों में खेलने का मौका मिला, जिसमें वह सिर्फ 15 रन बना सके. खराब प्रदर्शन के कारण उन्हें जल्द ही प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया. बाद में इम्पैक्ट प्लेयर के विकल्प के रूप में भी उन्हें मैदान पर उतरने का अवसर नहीं मिला.
सनराइजर्स हैदराबाद ने लिविंगस्टोन को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से रिलीज किए जाने के बाद अपनी टीम में शामिल किया था. इससे पहले RCB ने उन्हें मेगा ऑक्शन में 8.75 करोड़ रुपये में खरीदा था. हालांकि, वह बेंगलुरु की उम्मीदों पर भी खरे नहीं उतर पाए थे. अब लगातार खराब प्रदर्शन के बाद उनके तीसरी फ्रेंचाइजी में जाने की संभावना बन रही है.
लिविंगस्टोन के बदले चेन्नई सुपर किंग्स हैदराबाद को किस खिलाड़ी का प्रस्ताव देगी, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है. इस बीच तेज गेंदबाज खलील अहमद का नाम भी संभावित ट्रेड से जोड़ा जा रहा है. हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
खलील के नाम पर चर्चा इसलिए भी सवाल खड़े करती है, क्योंकि हैदराबाद ने हाल ही में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज टी नटराजन को अपनी टीम में शामिल किया है. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि CSK और SRH के बीच लिविंगस्टोन को लेकर बातचीत किस दिशा में आगे बढ़ती है और क्या IPL 2027 से पहले दोनों टीमों के बीच कोई बड़ा ट्रेड देखने को मिलता है.
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।
Follow us :
B.A.G Convergence Limited Film
City, Sector 16A, Noida, Uttar
Pradesh 201301