रणबीर कपूर की 'रामायण' रिलीज से पहले ही चर्चा में है, लेकिन फिल्म के दूसरे पार्ट को लेकर आया अपडेट फैंस का इंतजार बढ़ा सकता है। मेकर्स ने इस महागाथा को दो हिस्सों में पेश करने की तैयारी की है, मगर अब इसके अगले अध्याय की रिलीज पहले तय समय पर नहीं होगी। दिलचस्प बात यह है कि कहानी का एक बड़ा हिस्सा पहले पार्ट में नहीं दिखाया जाएगा। इतना ही नहीं, फिल्म के निर्माता ने तीसरे पार्ट की संभावना से भी पूरी तरह इनकार नहीं किया है। आखिर क्या है पूरा मामला?
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' का पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है। पहले इसके दूसरे पार्ट को दिवाली 2027 पर लाने की योजना थी, लेकिन अब इसकी रिलीज 2028 तक टाल दी गई है। निर्माता नमित मल्होत्रा ने E! News को दिए इंटरव्यू में बताया कि फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार करने के लिए टीम को अतिरिक्त समय चाहिए। उनके मुताबिक, वे इसके भव्य समापन के साथ कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहते और कहानी को उसके पूरे प्रभाव के साथ दर्शकों तक पहुंचाना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें : Ramayana Advance Booking: 'रामायण' रिलीज से पहले ही 100 करोड़ पार, 1000 करोड़ क्लब में लेगी एंट्री?
नमित मल्होत्रा के मुताबिक, फिल्म का पहला हिस्सा युवा राम की यात्रा पर केंद्रित होगा। इसमें भगवान विष्णु के अवतार के रूप में राम के जीवन और रावण के वध के उद्देश्य की पृष्ठभूमि दिखाई जाएगी। कहानी में राम के तीन भाइयों लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न का भी अहम स्थान होगा। रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान के किरदार में नजर आएंगे।
फिल्म के पहले पार्ट में सीता हरण की पूरी घटना नहीं दिखाई जाएगी। सीता के अपहरण और रावण के साथ राम के मुख्य संघर्ष को दूसरे पार्ट के लिए रखा गया है। यही वजह है कि सीक्वल में राम की सीता को खोजने की यात्रा कहानी का अहम हिस्सा होगी। निर्माता का मानना है कि इस बड़े घटनाक्रम को पर्दे पर भव्य तरीके से उतारने के लिए अतिरिक्त समय जरूरी है।
यह भी पढ़ें : Ramayana Star Cast Fees: 'रामायण' में बिना फीस लिए रावण बने यश! पहले पार्ट में किसे कितनी रकम मिली?
नमित मल्होत्रा ने तीसरे पार्ट की संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया है। उनके मुताबिक, शुरुआत में फिल्म को तीन हिस्सों में बनाने की योजना थी, लेकिन बाद में इसे दो पार्ट में समेटने का फैसला हुआ। अब आगे का निर्णय दर्शकों की प्रतिक्रिया और दोनों फिल्मों के रिस्पॉन्स पर निर्भर कर सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म के हिंदी और अंग्रेजी वर्जन के लिए अलग-अलग एडिट और स्क्रिप्ट पर काम किया गया है। दोनों वर्जन की अवधि भी अलग हो सकती है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है और इसका रनटाइम 195 मिनट है। भारत में इसे बिना किसी कट के U सर्टिफिकेट मिला है, जबकि अमेरिका में इसे PG-13 रेटिंग दी गई है। फिल्म हिंदी और अंग्रेजी में दुनियाभर के IMAX सिनेमाघरों में रिलीज होगी। बॉक्स ऑफिस ट्रैकर्स के अनुमान के मुताबिक, इसकी ओपनिंग वीकेंड की एडवांस बुकिंग करीब 100 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। शुरुआती दर्शकों ने एक्शन और भावनात्मक दृश्यों की तारीफ की है, हालांकि अंग्रेजी वर्जन के CGI और एक्शन को लेकर कुछ सवाल भी उठे हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।