Feedback
महाराष्ट्र के कई हिस्सों में सूखे से प्रभावित किसानों और लोगों की मदद के लिए सिद्धिविनायक गणपति मंदिर न्यास ने पहल की है. न्यास ने मुख्यमंत्री सहायता निधि (सीएम रिलीफ फंड) में 10 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दी है.
जानकारी के मुताबिक सोमवार, 9 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर उन्हें चेक सौंपा गया है. न्यास के अध्यक्ष सदानंद सरवणकर और कोषाध्यक्ष आचार्य पवनकुमार त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री को यह चेक दिया है.
राज्य के सूखे से प्रभावित किसानों और प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों की आर्थिक मदद के लिए न्यास की प्रबंधन समिति ने 10 करोड़ रुपये देने का फैसला लिया था. इसका मकसद संकट के समय प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाना है.
इस मौके पर न्यास की ट्रस्टी मीना कांबली, महेश मुदलियार, गोपाल दलवी, जितेंद्र राउत, मनीषा तुपे, सुदर्शन सांगले और न्यास की कार्यकारी अधिकारी राखी चव्हाण भी मौजूद थीं.
गौरतलब है कि पिछले साल महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति पैदा हुई थी. उस समय भी सिद्धिविनायक गणपति मंदिर न्यास ने मुख्यमंत्री सहायता निधि में 10 करोड़ रुपये की मदद दी थी.
इस साल भी न्यास ने प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों की मदद करने का फैसला लिया है. सूखे से प्रभावित किसानों की मदद के लिए दिए गए इस योगदान से संकट के समय सामाजिक संस्थाओं की भूमिका एक बार फिर सामने आई है.
मुख्यमंत्री सहायता निधि में 10 करोड़ रुपये देने का न्यास का यह फैसला किसानों और आपदा प्रभावित लोगों को आर्थिक मदद पहुंचाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू