Feedback
गुजरात के गांधीनगर जिले के दहेगाम तहसील के अंगुथला गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक दिन की नवजात बच्ची चरागाह में बने नाले में गंभीर हालत में मिली थी. उसे तुरंत गांधीनगर सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बच्ची की गला घोंटकर हत्या की गई थी.
मामले की जांच के बाद दहेगाम पुलिस ने बच्ची की 21 वर्षीय मां और उसके 32 वर्षीय प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, दोनों पहले से शादीशुदा हैं और पिछले करीब चार साल से उनके बीच प्रेम संबंध थे.
दो बार गर्भपात करा चुकी थी महिला
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी. पति के साथ अनबन के चलते वह पिछले डेढ़ साल से अपने माता-पिता के साथ रह रही थी. वहीं, उसका प्रेमी भी अपनी पत्नी से अलग रह रहा था.
पुलिस के मुताबिक, प्रेम संबंध के दौरान महिला दो बार प्रेग्नेंट हुई थी और दोनों ने मिलकर गर्भपात करा लिया था. इसके बाद महिला तीसरी बार प्रेग्नेंट हुई, लेकिन उसे काफी समय तक इसका पता नहीं चला.
आरोप है कि प्रेग्नेंसी का पता चलने पर प्रेमी ने गर्भपात कराने के लिए उसे गोलियां भी दी थीं, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ. डॉक्टर के पास जाने पर परिवार को सच्चाई पता चलने के डर से महिला ने अपनी गर्भावस्था छिपाए रखी. वह घरवालों को अपनी तबीयत खराब होने की बात कहती रही.
पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर की आधी रात को महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हुई. इसके बाद वह शौच जाने का बहाना बनाकर घर से निकली और गांव की सीमा पर स्थित चरागाह में पहुंच गई. वहां उसने एक बच्ची को जन्म दिया. उस समय उसका प्रेमी भी उसके साथ मौजूद था.
आरोप है कि बच्ची के रोने की आवाज सुनकर दोनों को अपने संबंधों का खुलासा होने और सामाजिक बदनामी का डर सताने लगा. इसी डर में मां ने कथित तौर पर नवजात बच्ची का गला घोंट दिया और उसे चरागाह में बने नाले में छोड़ दिया.
बाद में बच्ची गंभीर हालत में मिली और उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
शुरुआत में बच्ची के चरागाह में मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी. अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच तेज की. इसके बाद महिला और उसके प्रेमी की भूमिका सामने आई और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू