सिटी रिपोर्टर | दुर्गावती
स्टेशन रोड स्थित गुलरानी भवन में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान कथा से समूचा क्षेत्र भक्तिमय है। कथा के दौरान प्रवचन करते हुए कथावाचक श्री पराशर उपाध्याय ने कहा कि श्रीमद्भागवत का वास्तविक उद्देश्य केवल कर्मकांड या पूजा-पाठ तक सीमित रहना नहीं है। इसका उद्देश्य अपने विचारों और व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।
उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा महज एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं है। यह मनुष्य को जीवन जीने की सही कला सिखाने वाला आध्यात्मिक मार्ग है। इस महापुराण में भक्ति, ज्ञान, वैराग्य, प्रेम, सदाचार, मानवता का अद्भुत संगम समाहित है।
सात दिवसीय श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान कथा के संबंध में आयोजकों का कहना है कि दुर्गावती में धर्म, अध्यात्म, भक्ति की अविरल धारा बहाने के उद्देश्य से इस सप्ताह ज्ञान कथा का आयोजन किया गया है। इसे लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिला-पुरुष कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं। भजनों की प्रस्तुति से पूरा पंडाल कृष्णमय बना हुआ है। आयोजन से जुड़े लोगों के अनुसार, सात दिनों तक चलने वाली इस ज्ञान गंगा में श्रद्धालुओं को भक्ति रस के साथ जीवन के गूढ़ आध्यात्मिक रहस्यों को समझने का अवसर मिल रहा है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में धार्मिक चेतना जगाते हैं। ये आपसी प्रेम, सद्भाव, सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूती प्रदान करते हैं। बता दें कि यह कथा 17 नवंबर, दिन मंगलवार को चली। इसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुजन पहुंचे। वे भक्ति भाव में सराबोर रहे।
श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान कथावाचक ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और उनके दिव्य उपदेशों का मार्मिक वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भागवत का प्रत्येक प्रसंग मनुष्य को धर्म के मार्ग पर चलने, अहंकार त्यागने, अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति के भीतर के विकार दूर होते हैं, तभी सच्ची भक्ति का उदय होता है।
Copyright © 2025-26 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.