Yasha Patel
Date: 21-11-26 18:15
लग्जरी कारों के शौकीनों के लिए बेंटले ने अपनी इलेक्ट्रिक एसयूवी का एक खास एडिशन पेश किया है. इसे जापानी स्ट्रीटवियर डिजाइनर हिरोशी फुजिवारा के साथ मिलकर तैयार किया गया है. इस स्पेशल एडिशन का नाम ‘टोरकल FRGMT Commission’ बताया जा रहा है. कंपनी दुनिया भर में इसकी सिर्फ 20 यूनिट्स ही बेचेगी. खास डिजाइन के साथ यह इलेक्ट्रिक एसयूवी दमदार परफॉर्मेंस भी देती है. दावा है कि यह महज 2.8 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है.
खास डिजाइन के साथ पेश हुआ स्पेशल एडिशन
बेंटले की इस इलेक्ट्रिक एसयूवी के स्पेशल एडिशन को इसके पहले बैच की डिलीवरी शुरू होने से पहले ही पेश किया गया है. इसे हिरोशी फुजिवारा के साथ मिलकर डिजाइन किया गया है. कार के एक्सटीरियर में बेलुगा ब्लैक कलर दिया गया है. इसके अलावा ब्लैक बैजिंग और ब्लैक ग्रिल इसे अलग पहचान देते हैं.
इसमें 22 इंच के खास फोर्ज्ड एलॉय व्हील्स मिलते हैं. इन पर कार्बन फाइबर इंसर्ट्स भी दिए गए हैं. वहीं, कार का इंटीरियर भी डार्क थीम पर आधारित है. केबिन में इंपीरियल ब्लू और बेलुगा ब्लैक कलर का इस्तेमाल किया गया है. इसके अलावा क्रॉस-स्टिचिंग और पियानो ब्लैक फिनिशिंग के जरिए इसे प्रीमियम लुक दिया गया है.
876 HP की पावर और 1350 Nm टॉर्क
परफॉर्मेंस के मामले में भी बेंटले की यह इलेक्ट्रिक एसयूवी काफी दमदार है. इसके टॉप वेरिएंट में 876 HP की पावर और 1350 Nm का टॉर्क मिलने की बात कही गई है. वहीं, स्टैंडर्ड मॉडल में 810 HP की पावर और 1194 Nm का टॉर्क मिलता है. एस वर्जन में इससे ज्यादा पावर और टॉर्क दिया गया है.
कार के सभी मॉडल्स में 113 kWh की बैटरी और 800 वोल्ट का इलेक्ट्रिकल आर्किटेक्चर मिलता है. इसकी मदद से एसयूवी को दमदार परफॉर्मेंस के साथ फास्ट चार्जिंग सपोर्ट भी मिलता है.
2.8 सेकंड में पकड़ेगी 100 की रफ्तार
रफ्तार के मामले में यह इलेक्ट्रिक एसयूवी कई दमदार कारों को टक्कर दे सकती है. कंपनी के मुताबिक, इसका वजन करीब 2700 किलोग्राम है. इसके बावजूद यह महज 2.8 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है. चार्जिंग के लिए इसमें 400 kW DC फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है. कंपनी का दावा है कि फास्ट चार्जर की मदद से बैटरी को 10 से 80 फीसदी तक चार्ज करने में करीब 20 मिनट लगते हैं.
कितनी होगी कीमत और कब शुरू होगी बिक्री?
बेंटले ने इस स्पेशल एडिशन की कीमत का अभी खुलासा नहीं किया है. कंपनी ने यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि इसकी 20 यूनिट्स किन-किन देशों में बेची जाएंगी. अमेरिका में स्टैंडर्ड मॉडल को 2028 मॉडल ईयर के तौर पर लॉन्च किए जाने की जानकारी दी गई है. कंपनी के मुताबिक, इसके पहले साल के मॉडल पहले ही बिक चुके हैं. हालांकि, इस खास FRGMT एडिशन की बिक्री और डिलीवरी से जुड़ी जानकारी का इंतजार है.
यह भी पढ़ें: हुंडई की नई 7-सीटर SUV की पहली झलक आई सामने, बॉक्सी डिजाइन और हाइब्रिड इंजन से होगी लैस!
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें