झालावाड़ में मंगलवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में जिला स्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट और विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग का आयोजन किया गया। इसमें युवाओं ने नशामुक्त भारत, विनिर्माण, उद्यमिता और हरित विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने
माय भारत ने आयोजित किया जिला स्तरीय कार्यक्रम
कार्यक्रम का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत, झालावाड़ की ओर से किया गया। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। मुख्य अतिथि जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी महेश मीणा थे। इसमें माय भारत पोर्टल पर पंजीकृत युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यूथ पार्लियामेंट में नशे के दुष्प्रभावों पर रखे विचार
यूथ पार्लियामेंट का विषय ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रखा गया। इसमें प्रतिभागियों ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति, इसके व्यक्तिगत और सामाजिक दुष्प्रभावों तथा नई पीढ़ी को नशे से बचाने के उपायों पर अपने विचार रखे। युवाओं ने कहा कि जागरूकता अभियान, सामाजिक सहभागिता और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
निर्णायक मंडल के अंकों के आधार पर मोहित प्रताप सिंह चौहान ने प्रथम, दक्षिता शर्मा ने द्वितीय और शिफा सरवर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
उद्यमिता और हरित विकास पर दिए नवाचार के सुझाव
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के जिला स्तरीय पीपीटी राउंड में ‘विनिर्माण, उद्यमिता एवं हरित विकास’ विषय पर प्रस्तुतियां दी गईं। प्रतिभागियों ने औद्योगिक विकास को गति देने, रोजगार के नए अवसर पैदा करने, नए उद्यम स्थापित करने, नवाचार को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सुझाव प्रस्तुत किए।
निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के बाद 9 प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया गया। इनमें दीपक कुमार डांगी ने प्रथम और अंशिका शर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सभी 9 चयनित प्रतिभागी आगामी संभाग स्तरीय कार्यक्रम में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
युवाओं की ऊर्जा देश की सबसे बड़ी ताकत: महेश मीणा
मुख्य अतिथि महेश मीणा ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और रचनात्मक सोच विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर सकारात्मक गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
जिला युवा अधिकारी दिनेश जांगिड़ ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखने का मंच उपलब्ध कराना है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए युवाओं का स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त होना जरूरी है।
निर्णायक मंडल के सदस्यों का किया सम्मान
कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के सदस्य पवन कुमार पाटीदार, डॉ. चारुलता तिवारी, डॉ. अलका बगला, पूनम रौतेला और आत्माराम गुर्जर को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन माय भारत वॉलंटियर्स हर्षिता खत्री और आरती शर्मा ने किया। इस दौरान एपीएस हरिवल्लभ रेगर, संस्थान के इंस्ट्रक्टर्स, स्वयंसेवक और अन्य गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।
Copyright © 2025-26 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.