फवाद-माहिरा की पाकिस्तानी सीरीज पर भारत में बैन की मांग: AICWA ने PM मोदी को लिखी चिट्ठी, नेटफ्लिक्स से रिल… – Dainik Bhaskar

पाकिस्तानी कलाकारों की भारत में वापसी को लेकर फिर विवाद शुरू हो गया है। फवाद खान, माहिरा खान और हानिया आमिर स्टारर पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की भारत में रिलीज रोकने की मांग की गई है। ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी है। एसोसिएशन ने नेटफ्लिक्स इंडिया से भी भारतीय दर्शकों के लिए सीरीज रिलीज नहीं करने की अपील की है। सीरीज 4 दिसंबर 2026 को रिलीज होने वाली है।
AICWA ने PM मोदी से की बैन लगाने की मांग
ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने 24 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर पाकिस्तानी सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की भारत में रिलीज रोकने की मांग की।
एसोसिएशन ने पत्र में कहा कि पाकिस्तान से जुड़े सीरियल, फिल्में, गाने, पॉडकास्ट और अन्य मनोरंजन कंटेंट को भारतीय प्लेटफॉर्म पर जगह नहीं मिलनी चाहिए।
AICWA ने नेटफ्लिक्स इंडिया समेत सभी OTT प्लेटफॉर्म्स से भारत में पाकिस्तानी कंटेंट स्ट्रीम नहीं करने की अपील की है। एसोसिएशन ने इस मामले में सख्त सजा के प्रावधान वाला स्थायी कानून बनाने की मांग भी की है।
उसने बयान में कहा, ‘देश सबसे पहले आता है। आतंकवाद को तालियां नहीं मिलनी चाहिए।’
मई 2025 की सरकारी एडवाइजरी का दिया हवाला
AICWA ने चिट्ठी में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की 8 मई 2025 की एडवाइजरी का जिक्र किया है। यह 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद जारी की गई थी।
इसमें भारत में काम करने वाले OTT प्लेटफॉर्म्स, स्ट्रीमिंग सर्विसेज और डिजिटल इंटरमीडियरीज से पाकिस्तान में बने वेब सीरीज, फिल्मों, गानों और पॉडकास्ट की स्ट्रीमिंग बंद करने को कहा गया था।
एसोसिएशन के मुताबिक, एडवाइजरी के बावजूद सीरीज को भारत में रिलीज करना सरकार के निर्देशों और देश की भावनाओं के खिलाफ होगा।
तीन पीढ़ियों की छह प्रेम कहानियों पर आधारित है सीरीज
‘जो बचे हैं संग समेट लो’ नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी ओरिजिनल सीरीज है। इसका निर्माण नेटफ्लिक्स की मिडिल ईस्ट और नॉर्थ अफ्रीका (MENA) टीम ने कराया है। यह फरहत इश्तियाक के इसी नाम के 2013 में प्रकाशित उर्दू उपन्यास पर आधारित है।
इसकी कहानी तीन पीढ़ियों की छह प्रेम कहानियों पर आधारित है। इसमें प्यार, रिश्तों में दूरियां, नुकसान, माफी और जिंदगी में खुद को तलाशने जैसे पहलुओं को दिखाया जाएगा।
सीरीज में फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर, सनम सईद, अहद रजा मीर, हमजा अली अब्बासी और इकरा अजीज समेत कई पाकिस्तानी कलाकार नजर आएंगे।
फवाद और माहिरा इससे पहले लोकप्रिय पाकिस्तानी शो ‘हमसफर’ में साथ नजर आ चुके हैं। सीरीज का प्रीमियर 4 दिसंबर 2026 को होगा। हालांकि, भारत में इसकी उपलब्धता पर नेटफ्लिक्स ने अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।
कब से उठ रहा है पाकिस्तानी कलाकारों पर बैन का मुद्दा?
भारत में पाकिस्तानी कलाकारों के काम पर प्रतिबंध की मांग सितंबर 2016 से चर्चा में है। इसकी बड़ी वजह 18 सितंबर 2016 को जम्मू-कश्मीर के उरी में भारतीय सेना के कैंप पर हुआ आतंकी हमला था। इसमें 18 भारतीय जवान शहीद हुए थे।
सितंबर 2016: उरी हमले के बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने पाकिस्तानी कलाकारों को 48 घंटे में भारत छोड़ने का अल्टीमेटम दिया था। 30 सितंबर 2016 को इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (IMPPA) ने पाकिस्तानी कलाकारों और तकनीशियनों को भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में काम देने के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया।
फरवरी 2019: पुलवामा आतंकी हमले के बाद ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने पाकिस्तानी कलाकारों के भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में काम करने पर प्रतिबंध का ऐलान किया। कई फिल्म संगठनों ने भी उनके साथ काम नहीं करने का फैसला लिया।
अक्टूबर 2023: पाकिस्तानी कलाकारों पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया। कोर्ट के मुताबिक, ऐसी मांग सांस्कृतिक सौहार्द और शांति को बढ़ावा देने की दिशा में पीछे ले जाने वाला कदम है। उसने यह भी स्पष्ट किया कि देशभक्ति का मतलब दूसरे देश के लोगों से दुश्मनी रखना नहीं है।
अप्रैल-मई 2025: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तानी कंटेंट पर सख्ती दिखाई। 8 मई 2025 को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने OTT और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को पाकिस्तान में बने कंटेंट की स्ट्रीमिंग रोकने की एडवाइजरी जारी की।
पाकिस्तानी कलाकारों के भारत में काम करने पर रोक की मांग 2016 के उरी हमले के बाद जोर पकड़ने लगी थी। 2023 में बॉम्बे हाईकोर्ट ने कलाकारों पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग वाली याचिका खारिज कर दी थी। वहीं, 2025 की सरकारी एडवाइजरी में पाकिस्तान में बने कंटेंट की डिजिटल स्ट्रीमिंग रोकने के निर्देश दिए गए थे।
पाकिस्तानी कलाकारों की ये फिल्में भारत में नहीं हो पाईं रिलीज पाकिस्तानी कलाकारों को लेकर भारत में विवाद का असर पहले भी कई फिल्मों पर पड़ चुका है। फवाद खान और माहिरा खान की फिल्म ‘द लीजेंड ऑफ मौला जट्ट’ दिसंबर 2022 में भारत में रिलीज होने वाली थी। फिल्म को पंजाब और उत्तर भारत के कुछ सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी थी, लेकिन महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के विरोध के बाद रिलीज अनिश्चितकाल के लिए टाल दी गई। इसके बाद अक्टूबर 2024 में फिल्म को दोबारा भारत में रिलीज करने की कोशिश हुई। इस बार इसे 2 अक्टूबर को पंजाब में रिलीज किया जाना था, लेकिन विरोध के चलते यह रिलीज भी रुक गई। ‘अबीर गुलाल’ की रिलीज पर भी लगी रोक अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद फवाद खान और वाणी कपूर की फिल्म ‘अबीर गुलाल’ विवादों में आ गई। फिल्म 9 मई 2025 को भारत में रिलीज होने वाली थी, लेकिन सरकारी सूत्रों के मुताबिक इसे भारत में रिलीज की अनुमति नहीं दी गई। बाद में 29 अगस्त 2025 को फिल्म भारत को छोड़कर दुनिया के 75 से ज्यादा देशों में रिलीज हुई।
‘सरदार जी 3’ भी भारत में नहीं हुई रिलीज जून 2025 में दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सरदार जी 3’ भी चर्चा में रही। इसमें पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर नजर आई थीं। फिल्म 27 जून 2025 को भारत के बाहर रिलीज हुई, लेकिन भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज नहीं की गई।
Copyright © 2025-26 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News