दिल्ली पुलिस ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के AI और डीपफेक तकनीक से बनाए गए भ्रामक वीडियो के मामले में FIR दर्ज की है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि उनके वास्तविक भाषण से छेड़छाड़ कर संवेदनशील मुद्दों पर झूठे बयान प्रसारित किए गए।
नितिन नवीन के डीपफेक वीडियो के खिलाफ दिल्ली भाजपा ने दी थी शिकायत। फोटो: आर्काइव
नितिन नवीन के डीपफेक वीडियो पर दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की।
AI तकनीक से भाषण में छेड़छाड़ कर झूठे बयान प्रसारित किए गए।
भाजपा ने राष्ट्रीय सुरक्षा पर चिंता जताते हुए कार्रवाई की मांग की।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भाषण के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ कर AI और डीपफेक तकनीक से भ्रामक वीडियो बनाने के मामले में दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया है कि 22 नवंबर 2026 को चंडीगढ़ में हुई जनसभा की वास्तविक रिकॉर्डिंग के साथ डिजिटल छेड़छाड़ कर नितिन नवीन के नाम से ऐसे बयान प्रसारित किए गए, जो उन्होंने दिए ही नहीं थे।
भाजपा के मुताबिक, नितिन नवीन ने 22 नवंबर को चंडीगढ़ में एक सार्वजनिक जनसभा को संबोधित किया था। पार्टी का आरोप है कि उनके वास्तविक भाषण की वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ छेड़छाड़ की गई और AI व डीपफेक तकनीक के जरिए भ्रामक वीडियो तैयार किया गया।
इसमें भारत-चीन संबंधों, पाकिस्तान, शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सम्मेलन और भारत के स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस MK-1 जैसे संवेदनशील मुद्दों पर नितिन नवीन के नाम से कथित तौर पर झूठे बयान तैयार कर प्रसारित किए गए।
भाजपा का आरोप है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो तैयार करने के लिए न्यूज एजेंसी की वास्तविक वीडियो कवरेज जैसी दिखने वाली रिकॉर्डिंग का कथित तौर पर डिजिटल तरीके से इस्तेमाल किया गया।
पार्टी ने वीडियो बनाने, उसमें छेड़छाड़ करने और उसे संगठित तरीके से प्रसारित करने वालों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।
भाजपा ने संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से फर्जी सामग्री हटाने या उसकी पहुंच निष्क्रिय करने की कानूनी प्रक्रिया अपनाने की भी मांग की थी।
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में पार्टी नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मध्य दिल्ली के डीसीपी से मुलाकात कर लिखित शिकायत दी थी। अब इस मामले में दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि AI का इस्तेमाल नवाचार, विकास और जनकल्याण के लिए होना चाहिए, न कि झूठे बयान गढ़ने और राष्ट्रीय नेतृत्व की छवि खराब करने के लिए।
भाजपा नेताओं ने कहा कि राजनीतिक विरोध और वैचारिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी नेता के नाम से फर्जी भाषण तैयार कर उसे वास्तविक बताकर प्रसारित करना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के दायरे में नहीं आता।
पार्टी का कहना है कि इस तरह की सामग्री से विदेश नीति, सामरिक हितों और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर जनता के बीच भ्रम और अविश्वास पैदा हो सकता है।
भाजपा ने मांग की है कि जांच में यदि किसी संगठित राजनीतिक, वित्तीय या अन्य नेटवर्क की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाए।
यह भी पढ़ें- दिल्ली नर्सरी एडमिशन 2027-28: घर से स्कूल की दूरी बनेगा मुख्य आधार, मिलेंगे 70 अंक तक; आयु जरूरी दस्तावेज पर भी डाल लें नजर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।