दुकान या फैक्ट्री शुरू करने से पहले उद्यम, जीएसटी और दुकान एवं स्थापना अधिनियम के तहत रजिस्ट्रेशन कराना महत्वपूर्ण है।
दुकान शुरू करने से पहले के जरूरी डाक्यूमेंट्स
उद्यम रजिस्ट्रेशन MSME पहचान और सरकारी लाभ के लिए आवश्यक है।
GST रजिस्ट्रेशन टर्नओवर और कारोबार की प्रकृति पर निर्भर करता है।
दुकान एवं स्थापना अधिनियम रजिस्ट्रेशन राज्य नियमों के अधीन होता है।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| अगर आप दुकान या फैक्ट्री शुरू करने जा रहे हैं तो बेसिक तैयारियों के बारे में जाने बिना इस क्षेत्र में न उतरें। अगर आप अपनी दुकान, छोटा कारोबार या फैक्ट्री शुरू करने की योजना बना रहे हैं तो सबसे पहले जरूरी दस्तावेज और रजिस्ट्रेशन की जानकारी जुटा लें। कारोबार शुरू करने के लिए केवल दुकान या फैक्ट्री की जगह और निवेश होना ही काफी नहीं है। कानूनी रूप से कारोबार चलाने, बैंक से लोन लेने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए कुछ रजिस्ट्रेशन भी जरूरी होते हैं।
हालांकि, हर कारोबार के लिए सभी रजिस्ट्रेशन अनिवार्य नहीं हैं। इनकी जरूरत कारोबार की प्रकृति, सालाना टर्नओवर, कर्मचारियों की संख्या और कारोबार किस राज्य में शुरू किया जा रहा है, इस पर निर्भर करती है। आइए जरूरी रजिस्ट्रेशन के बारे में जानें।
छोटे और मध्यम कारोबार शुरू करने वालों के लिए उद्यम रजिस्ट्रेशन महत्वपूर्ण है। इसके जरिए कारोबार को सूक्ष्म, लघु या मध्यम उद्यम (MSME) के रूप में पहचान मिलती है। उद्यम रजिस्ट्रेशन होने से पात्र कारोबारियों को सरकार की MSME योजनाओं, बैंक लोन से जुड़ी सुविधाओं और कुछ विशेष सब्सिडी का लाभ लेने में मदद मिल सकती है। यह रजिस्ट्रेशन पूरी तरह ऑनलाइन और निशुल्क है। इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट udyamregistration.gov.in पर खुद से आवेदन किया जा सकता है।
दुकान, फैक्ट्री या सर्विस सेक्टर का कारोबार शुरू करने वालों को GST के नियमों की जानकारी भी होनी चाहिए। जीएसटी रजिस्ट्रेशन हर कारोबारी के लिए अनिवार्य नहीं है। इसकी जरूरत कारोबार के सालाना टर्नओवर, वस्तुओं या सेवाओं की प्रकृति और बिक्री के तरीके के आधार पर तय होती है।
आमतौर पर कई राज्यों में केवल वस्तुओं की सप्लाई करने वाले कारोबारियों के लिए सालाना ₹40 लाख और सेवाएं देने वालों के लिए ₹20 लाख की टर्नओवर सीमा लागू होती है। कुछ राज्यों और विशेष परिस्थितियों में यह सीमा अलग हो सकती है। इसके अलावा अंतरराज्यीय बिक्री और ई-कॉमर्स के जरिए कारोबार करने वालों पर अलग नियम लागू होते हैं। इसलिए रजिस्ट्रेशन लेने से पहले अपनी कारोबारी गतिविधि के अनुसार GST के नियम जांचना जरूरी है।
अगर आप दुकान, ऑफिस, होटल, रेस्टोरेंट या अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान शुरू कर रहे हैं तो दुकान एवं स्थापना अधिनियम (Shop and Establishment Act) के तहत रजिस्ट्रेशन की जरूरत पड़ सकती है। यह कानून राज्य सरकारों के अधीन आता है, इसलिए इसके नियम और आवेदन की प्रक्रिया अलग-अलग राज्यों में अलग हो सकती है।
अगर आप दुकान के बजाय फैक्ट्री शुरू करना चाहते हैं तो केवल उद्यम और GST रजिस्ट्रेशन पर्याप्त नहीं होंगे। फैक्ट्री में किस तरह का उत्पादन होगा, कितने कर्मचारी काम करेंगे और वहां किस तरह की मशीनों का इस्तेमाल होगा, इसके आधार पर अतिरिक्त मंजूरियां लेनी पड़ सकती हैं।
ये भी पढ़ें: Business Idea: छोटे शहरों में ये 3 बिजनेस तेजी से कर रहे ग्रो, ₹2 लाख के खर्च से शुरू करें दुकान और हर महीने ₹50000 की कमाई!
छोटे कारोबारियों के लिए उद्यम रजिस्ट्रेशन, जीएसटी रजिस्ट्रेशन और दुकान एवं स्थापना रजिस्ट्रेशन महत्वपूर्ण हैं। इनके अलावा फैक्ट्री लगाने वालों को उद्योग की प्रकृति के अनुसार प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, स्थानीय प्रशासन और फैक्ट्री से जुड़े विभागों से भी अनुमति लेनी पड़ सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।