CG News: नवोदय परीक्षा देने निकले छात्र की करंट से मौत, 6 घंटे तक सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन! – NPG News

कवर्धा। 29 नवंबर 2026| नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा देने निकले कक्षा 8वीं के छात्र की टूटे बिजली तार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा पांडातराई थाना क्षेत्र के ग्राम मंझोली में हुआ, जहां 11 हजार वोल्ट की लाइन का तार टूटकर जमीन पर गिरा हुआ था। ग्रामीणों का आरोप है कि तार टूटने की सूचना बिजली कार्यालय को पहले ही दे दी गई थी, लेकिन समय पर सप्लाई बंद नहीं की गई।
16 वर्षीय मृतक राकेश निर्मलकर पिता तोपचंद ग्राम मंझोली का निवासी था। शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे वह मोटरसाइकिल से प्रवेश परीक्षा देने के लिए घर से निकला था। रास्ते में जमीन पर पड़े 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जिस दिन बच्चे को नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए परीक्षा देनी थी, उसी दिन परिवार ने अपना सहारा खो दिया। करीब एक घंटे बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पीड़ित परिवार और आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहुंचकर रास्ता जाम कर दिया।
टूटे तार पर भी दौड़ता रहा करंट
आमतौर पर खराब मौसम या तेज हवा के दौरान बिजली ट्रिप हो जाती है, लेकिन इस मामले में 11 केवी तार टूटकर जमीन पर गिरने के बाद भी करंट प्रवाहित होता रहा। बिजली विशेषज्ञ के अनुसार, 11 केवी लाइन का तार टूटने पर सब-स्टेशन के वैक्यूम सर्किट ब्रेकर (वीसीबी) और अर्थ फॉल्ट रिले को तुरंत सप्लाई काट देनी चाहिए। वीसीबी सप्लाई बंद करने वाला सुरक्षा स्विच है, जबकि अर्थ फॉल्ट रिले जमीन में करंट उतरने पर खतरे का संकेत देता है। विशेषज्ञों का कहना है कि जमीन से कम संपर्क होने, रिले की गलत सेटिंग या बैटरी सिस्टम में खराबी के चलते सुरक्षा सिस्टम खतरे को नहीं पहचान पाता और करंट चालू रह सकता है। जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा।
6 घंटे तक शव रखकर प्रदर्शन, मुआवजे के आश्वासन पर खुला जाम
हादसे से नाराज ग्रामीण बिजली कंपनी के अधिकारियों को मौके पर बुलाने, मुआवजा देने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। विरोध के चलते ग्रामीणों ने शव उठाने से इनकार कर दिया और करीब 6 घंटे तक शव घटनास्थल पर ही पड़ा रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने की कोशिश की। आखिरकार शाम 5 बजे 4 लाख रुपए मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को बिजली कार्यालय में काम देने के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
करंट से मौत पर हाई कोर्ट का सख्त रुख
बिजली के करंट से होने वाली मौतों और विभागीय लापरवाही को लेकर छत्तीसगढ़ बिलासपुर हाई कोर्ट पहले ही सख्त रुख अपना चुका है। हाई कोर्ट की बेंच ने टूटे तार की चपेट में आने से हुई मौत के एक मामले में बिजली कंपनी की अपील खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि बिजली जैसी खतरनाक ऊर्जा की आपूर्ति करने वाली कंपनी का यह दायित्व है कि वह अपने नेटवर्क की सुरक्षा और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करे। अदालत ने साफ कहा है कि लापरवाही के कारण किसी की जान जाने पर बिजली कंपनी अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती।
किस अधिकारी-कर्मचारी की क्या थी जिम्मेदारी?
सहायक अभियंता (AE): क्षेत्र में बिजली व्यवस्था और रख-रखाव की निगरानी करना, खराब लाइन बदलने के प्रस्ताव पर निर्णय लेना और अधीनस्थ स्टाफ से काम कराना। बार-बार तार टूटने की शिकायतों के बाद स्थायी सुधार सुनिश्चित करना भी इसी पद की जिम्मेदारी थी।
कनिष्ठ अभियंता (JE): लाइन का निरीक्षण करना, शिकायत मिलने पर मौके की जांच और मरम्मत कराना तथा आवश्यकता पड़ने पर लाइन बदलने का प्रस्ताव भेजना। बार-बार तार टूटने के बावजूद स्थायी सुधार न होने की जवाबदेही जांच के दायरे में है।
लाइनमैन: लाइन की नियमित जांच करना, कमजोर या टूटे तार की सूचना अधिकारियों को देना और सुरक्षित तरीके से मरम्मत कराना।
पहले भी 3 बार टूटा था तार, नहीं बदली गई लाइन
ग्रामीणों का आरोप है कि जिस तार के करंट से छात्र की जान गई, वह इससे पहले भी 3 बार टूट चुका था। पतली लाइन होने के कारण इसमें बार-बार फॉल्ट आता था और इसकी शिकायतें भी की गई थीं। आरोप है कि हर बार अस्थायी सुधार कर काम चला लिया गया, लेकिन लाइन को बदला नहीं गया, जिसके लिए एई, जेई और लाइनमैन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।
कार्यपालन अभियंता केके झा ने कहा, घटना की सूचना मिलते ही टीम भेजी गई थी। देरी की जांच कर संबंधितों से जवाब तलब किया जाएगा। ब्रेकर और सुरक्षा सिस्टम की तकनीकी जांच (एमआरआई) कराई जाएगी, जिससे असली वजह स्पष्ट होगी। मेंटेनेंस रिकॉर्ड की जांच की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय होगी। जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद परिवार को नियमानुसार 4 लाख रुपए मुआवजा दिया जाएगा।
राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News