आज की ताजा खबर दिल्ली इलेक्शन (Aaj Ki Taaja Khabar), दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग हिंदी न्यूज़ LIVE Updates:
दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर मतदान जारी है। राष्ट्रीय राजधानी की सभी 70 सीटों पर शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। दिल्ली के करीब 1.56 करोड़ वोटर्स अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे और करीब 700 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। परिणाम 8 फरवरी को घोषित होगा। आम आदमी पार्टी जहां तीसरी बार सत्ता हासिल करने की लड़ाई में जुटी है तो वहीं बीजेपी-कांग्रेस भी दिल्ली की गद्दी कब्जाने की जद्दोजहद में है। बीजेपी 25 साल से ज्यादा समय से सत्ता से बाहर है। वहीं कांग्रेस आम आदमी पार्टी से पहले 15 साल सत्ता में रही, लेकिन पिछले दो चुनावों में पार्टी एक भी सीट जीतने में कामयाब नहीं रही है।
Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Voting Today LIVE Updates: Check Here
उत्तर प्रदेश की मिल्कीपुर आरक्षित विधानसभा सीट वोटिंग जारी है। यहां राज्य की सत्तारूढ़ बीजेपी और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के लिए नाक की लड़ाई है। इसके लिए दोनों ही पक्षों की ओर से इतना ज़ोरदार चुनाव प्रचार हुआ है कि दिल्ली से छपने वाले कथित राष्ट्रीय अख़बारों में भी वो सुर्ख़ियां बनता रहा। अयोध्या ज़िले और फ़ैज़ाबाद लोकसभा सीट के तहत आने वाली मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर वैसे तो दस उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुक़ाबला बीजेपी के उम्मीदवार चंद्रभान पासवान और समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अजीत प्रसाद के बीच है। अजीत प्रसाद इस सीट से पूर्व विधायक रहे अवधेश प्रसाद के बेटे हैं। अवधेश प्रसाद अब फ़ैज़ाबाद सीट से सांसद हैं। पिछले साल हुए लोकसभा चुनाव में उन्होंने फ़ैज़ाबाद सीट से चुनाव जीता, तो बीजेपी में हड़कंप मच गया। उसकी दो वजह रही… एक तो पिछले साल जनवरी में राम मंदिर बनने के तीन महीने बाद हुए इस चुनाव में अयोध्या-फ़ैज़ाबाद इलाके में बीजेपी के लिए चुनाव हारना एक बड़ा झटका था, जिससे वो अभी तक उबर नहीं पाई है और दूसरा एक सुरक्षित सीट से अखिलेश यादव ने दलित उम्मीदवार को उतारा और जीत हासिल कर ली। यही वजह है कि मिल्कीपुर सीट को जीतकर बीजेपी उस हार का बदला लेने की जीतोड़ कोशिश कर रही है। मिल्कीपुर सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। बीजेपी और सपा दोनों के ही उम्मीदवार अनुसूचित जाति से जुड़े पासी समुदाय से आते हैं, जिसकी इस सीट पर अच्छी ख़ासी तादाद है।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: यूपी की मिल्कीपुर सीट पर बीजेपी और सपा में कांटे का मुकाबला
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा कि पूरी दिल्ली में वाल्मीकि समुदाय के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है और गिरफ्तार किया जा रहा है। मैं अमित शाह और भाजपा से पूछना चाहता हूं कि वाल्मीकि समुदाय से उनकी क्या दुश्मनी है। मैं वाल्मीकि समुदाय के लोगों से अपील करता हूं कि वे अपने घरों से बाहर निकलें और वोट की ताकत से इन गिरफ्तारियों का जवाब दें।
दिल्ली विधानसभा चुनाव पर केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा, “दिल्ली में मतदान जारी है। प्रतिशत और बढ़ेगा। लोग AAP और अरविंद केजरीवाल के खिलाफ हैं। उन्होंने लोगों को धोखा दिया है, इसलिए AAP को हटाना होगा और भाजपा को सत्ता में आना चाहिए। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। हमें यकीन है कि दिल्ली में भाजपा जीतेगी।
AAP सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि रिलीवर और पोलिंग एजेंट दोनों को पोलिंग एजेंट का दर्जा दिया जाता है। लेकिन नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में कई जगहों से ऐसी शिकायतें आ रही हैं। लगभग आधे बूथों पर ये शिकायत आ रही है कि रिलीवर को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। पोलिंग स्टेशन के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मी हमारे रिलीवर को अंदर नहीं जाने दे रहे हैं। अगर रिलीवर अंदर नहीं गया और अगर हमारा पोलिंग एजेंट बाहर नहीं आया तो कितनी वोटिंग हुई? क्या उस बूथ पर कोई फर्जी वोटिंग हुई या किसी तरह का विवाद हुआ? EVM ठीक से काम कर रही है या नहीं, ये सारी बातें आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आ सकती हैं। इसलिए मैं पूरे प्रशासन से मांग करने आया हूं। हमने जिला चुनाव अधिकारी से भी बात की है, हमने उनसे अनुरोध किया है कि हमारे रिलीवर को अंदर जाने दिया जाए।
वोट डालने के बाद AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा, “दिल्ली के लोग समझदार हैं। वे गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
सीलमपुर की बूथ लेवल ऑफिसर गायत्री ने कहा, “यहां (आर्यन पब्लिक स्कूल में स्थापित मतदान केंद्र) एक व्यक्ति द्वारा किसी और की ओर से वोट डालने के बाद हंगामा हुआ।”
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा, “…इस समय दिल्ली की स्थिति ऐसी है कि जनता आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल के खिलाफ है। उन्होंने जनता को धोखा देने का काम किया है इसलिए जनता AAP को सत्ता से हटाएगी और सत्ता में भाजपा को बैठाएगी… मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार दिल्ली में NDA को मौका मिलेगा।”
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट से AAP उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस चिराग दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर लोगों को वोट डालने से रोकने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, “आप सुबह से ही चुनाव को प्रभावित करने के लिए यहां खड़े हैं। यहां बैरिकेड क्यों लगाए गए हैं? दिल्ली पुलिस के किस वरिष्ठ अधिकारी ने उन्हें बैरिकेड लगाने के लिए कहा है? यह सब गरीब ग्रामीणों को परेशान करने के लिए किया जा रहा है। मालवीय नगर के ACP और SHO खुलेआम यह सब कर रहे हैं, जहाँ भी AAP का गढ़ है। SHO ने कल रात हमारे निजी परिसर में छापा भी मारा। यहाँ 21,000 लोगों ने वोट डाला। चिराग दिल्ली के सभी 17-18 मतदान केंद्रों पर पुलिस ऐसा कर रही है। लोग न तो मेट्रो से आ सकते हैं और न ही सड़कों से वोट डालने के लिए… क्या वीरेंद्र सचदेवा या राष्ट्रपति मुर्मू मतदान केंद्र से 200 मीटर दूर कार से उतरे? कोई दिशा-निर्देश नहीं हैं…”
करोल बाग विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा, “…जनता बदलाव चाहती है। डबल इंजन की सरकार तेजी से काम करेगी… दिल्ली भारत का दिल है लेकिन आज यह वेंटीलेटर पर है। सड़कें टूटी हुई हैं, सीवर ओवरफ्लो हो रहे हैं… ऐसे झूठ बोलने वाले आदमी को जनता ने मान लिया है कि ये झूठ बोलते हैं। जनता भाजपा, डबल इंजन की सरकार बनाएगी।”
पूर्व CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा, “लोकतंत्र में हर चुनाव महत्वपूर्ण होता है… युवा मतदाताओं को आगे आना चाहिए और अपना वोट डालना चाहिए…”
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने मतदान करने के बाद कहा, “सबसे अपील है कि अपने घरों से बाहर निकलिए, आइए और वोट डालिए। संविधान ने आपको यह सबसे बड़ा और अहम अधिकार है। अपने इस अधिकार का इस्तेमाल कीजिए। मैं जानती हूं कि दिल्ली की जनता ऊब चुकी है… तमाम समस्याएं हैं अगर उनका हल करना है तो घरों से बाहर आइए, मतदान कीजिए और अपना संवैधानिक अधिकार स्पष्ट कीजिए।”
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाकुंभ में पहुंच कर संगम में पवित्र डुबकी लगाई। इस दौरान उन्होंने संगम से सूर्य देवता को जल भी अर्पित किया।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रयागराज पहुंचे चुके हैं। संगम स्नान के लिए वो नाव से रवाना हो चुके हैं।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रयागराज पहुंच चुके हैं। पीएम मोदी संगम में पवित्र डुबकी लगाएंगे।
बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने कहा, “आज मैं त्रिवेणी संगम आई हूं और यहां मुझे किसी बड़े त्यौहार की अनुभूति हो रही है। यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि मैं आज यहां आई… मुझे इस बात की खुशी है कि सब लोगों में इतना विश्वास है और सभी इतनी आस्था के साथ यहां पर आए हैं… उत्तर प्रदेश सरकार को सलाम कि उन्होंने इतनी मेहनत की है और इनती अच्छी व्यवस्था की है…”
Milkipur Byelection Voting Live: कमिश्नर गौरव दयाल ने मिल्कीपुर उपचुनाव पर कहा, “व्यवस्थाएं बहुत अच्छी हैं… हम हर जगह जांच कर रहे हैं। कहीं कोई समस्या नहीं है, हम स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने की कोशिश कर रहे हैं
Delhi chunav 2025 voting LIVE: आम आदमी पार्टी के विधायक व ओखला से आप प्रत्याशी अमानतुल्लाह खान (Amanatullah Khan) और आप विधायक दिनेश मोहनिया (Dinesh Mohaniya) के खिलाफ खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों आप विधायकों पर अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई है।
Milkipur Byelection Voting Live: सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, “आज चुनाव हो रहा है। मिल्कीपुर का चुनाव मर्यादा पुरुषोत्तम राम की धरती अयोध्या के जनपद मिल्कीपुर का चुनाव है जो मेरा संसदीय क्षेत्र है। मैं देवतुल्य मतदाताओं का आभार प्रकट करता हूं, जिन्होंने मुझे अयोध्या का सांसद बनाया और देश-दुनिया में मेरा सम्मान बढ़ाया… बहुत अफसोस के साथ कहना पड़ रहा है कि भाजपा की सरकार ने लगातार दबाव डालकर चुनाव को प्रभावित किया। आज जब मतदान हो रहा है तो मुझे सूचना मिल रही है कि हमारे (समाजवादी पार्टी) कार्यकर्ताओं को पोलिंग बूथों से भगाया जा रहा है… हमारे कम से कम 5 कार्यकर्ताओं को बंद कर दिया गया है। भीम राव अंबेडकर के संविधान को चकनाचूर किया जा रहा है और सभी आचार संहिताओं का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है।”
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, “दिल्ली में बहुत तैयारियां की गई हैं। सभी जगहों पर अच्छी सजावट की गई है। सुबह से (मतदाताओं की) लंबी-लंभी कतारें देखने को मिल रही हैं… मुझे पूरी उम्मीद है कि दिल्ली में आज सभी लोग आएंगे और वोट करेंगे… दिल्ली में इस समय सभी जगहों पर शांतिपूर्ण मतदान जारी है… सभी लोग आकर वोट जरूर करें… मैं सभी पोलिंग अधिकारियों और सभी कर्मियों का धन्यवाद देना चाहता हूं… पिछले एक महीने में दिल्ली में 12 हजार से अधिक रैलियां और सभाएं हुई हैं… सबसे अपील है कि जरूर मतदान करने आएं।”
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: केंद्रीय मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि मैं एक शुरुआती मतदाता हूं, दिल्ली का मतदाता हूं। मुझे लगता है कि जनता बदलाव के मूड में है।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: AAP नेता और जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार मनीष सिसोदिया ने कहा, “आज मैं अपने परिवार के साथ दिल्ली के लोगों के बेहतर जीवन के लिए वोट देने आया हूं… मैं दिल्ली के लोगों से अपील करूंगा कि वे अपने बच्चों की अच्छी शिक्षा के लिए, अपने परिवारों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए, दिल्ली में बिजली और पानी के लिए वोट करें… ऐसी सरकार चुनें जो सबके लिए काम करे, ऐसी सरकार नहीं जो इधर-उधर की बातें और गुंडागर्दी करे…”
Delhi Assembly Election 2025 LIVE: कालकाजी विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली का विकास एक राष्ट्रीय राजधानी के तौर पर हो। जैसे आज भारत दुनिया में पहचाना जा रहा है उसकी राजधानी दिल्ली भी उसी प्रकार की होनी चाहिए। पीएम मोदी चाहते हैं कि जैसे देश का विकास हो रहा है वैसे ही दिल्ली का भी विकास हो इसलिए मैं दिल्ली के सभी भाई-बहनों से अपील करता हूं कि वे दिल्ली के विकास के लिए वोट डालें।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर दिल्ली वालों को ज्यादा से ज्यादा वोटिंग करने की अपील की है। पीएम मोदी ने कहा,’दिल्ली विधानसभा चुनाव में आज सभी सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। यहां के मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लें और अपना कीमती वोट जरूर डालें। इस अवसर पर पहली बार वोट देने जा रहे सभी युवा साथियों को मेरी विशेष शुभकामनाएं। याद रखना है- पहले मतदान, फिर जलपान!’
Election Delhi LIVE: नई दिल्ली से कांग्रेस प्रत्याशी संदीप दीक्षित ने सुबह-सुबह मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि एक मतदाता होने के नाते मैंने देखा है कि कौन सा विधायक मेरे निर्वाचन क्षेत्र में काम करेगा, कौन सी पार्टी अच्छी सरकार बनाएगी। जब मैं बूथ पर था, तो मैं सिर्फ एक मतदाता था। मतदाताओं ने अपना मन बना लिया है और लोग दिल्ली को बनाने वाली महिला को याद कर रहे हैं।
Delhi Election LIVE: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने वोट डालने के बाद कहा,’दिल्ली में डबल इंजन की सरकार बनेगी। दिल्ली की जनता विकसित दिल्ली के लिए वोट करने जा रही है। दिल्ली में अपनी हार स्वीकार कर अरविंद केजरीवाल गुंडागर्दी कर रहे हैं। कल सीएम आतिशी का सहयोगी 5 लाख रुपए के साथ पकड़ा गया और उसके साथ पकड़ा गया ड्राइवर दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग में कार्यरत है।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: दिल्ली में आम आदमी पार्टी जहां तीसरी बार सत्ता हासिल करने की लड़ाई में जुटी है तो वहीं बीजेपी-कांग्रेस भी दिल्ली की गद्दी कब्जाने की जद्दोजहद में है। बीजेपी 25 साल से ज्यादा समय से सत्ता से बाहर है। वहीं कांग्रेस आम आदमी पार्टी से पहले 15 साल सत्ता में रही, लेकिन पिछले दो चुनावों में पार्टी एक भी सीट जीतने में कामयाब नहीं रही है।