भास्कर न्यूज | अम्बाला
स्वास्थ्य विभाग की टीबी विंग ने पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय कौंला में राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम करवाया। इस दौरान टीबी से बचाव की जागरूकता के लिए क्विज करवाई। इसमें 524 बच्चों ने भाग लिया। प्रिंसिपल अरुण कुमार व शशि सागर ने निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीज को गोद लिया। स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों को टीबी मुक्त भारत अभियान की शपथ दिलाई।
टीबी विंग से डॉ. पल्लवी ने बताया कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है जो मायक्रोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस नामक जीवाणु के कारण होती है। यह जीवाणु वायुमंडल में फैलता है। जब कोई व्यक्ति संक्रमित के साथ संपर्क में आता है तो इस जीवाणु को सांस के माध्यम से अपने शरीर में ले सकता है। सिविल सर्जन डॉ. राकेश सहल व डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. नीलम कुशवाहा ने बताया कि दो सप्ताह से ज्यादा खांसी हो, शाम के समय बुखार आता हो, खांसते समय बलगम में खून आता हो, छाती में दर्द होता हो या सांस फूलती हो, गर्दन या बगल में गांठे हो या भूख और वजन कम हो रहा हो तो टीबी के लक्षण मिलने पर अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर जांच करवाएं। मौके पर स्वास्थ्य विभाग से डॉ. शगुन, एमओ माजरी, डॉ. पल्लवी, डीपीसी दीपिका, पीपीएम मीना व टीबीएचवी रेणू मौजूद थे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.