भारत ने चिनाब का पानी रोका – Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar – nayaindia.com

नई दिल्ली। सिंधु जल समझौता स्थगित किए जाने के बाद से यह सवाल उठ रहा था कि भारत किस तरह से पाकिस्तान जाने वाला पानी रोकेगा। रविवार को भारत ने चिनाब नदी का पानी रोक दिया। गौरतलब है कि सिंधु जल समझौते के तहत सिंधु, चिनाब और झेलम का पानी पाकिस्तान जाता है। भारत ने रविवार को जम्मू के रामबन में बने बगलिहार डैम से चिनाब का पानी रोका है। इतना ही नहीं कश्मीर में किशनगंगा डैम के जरिए झेलम नदी का पानी रोकने की योजना भी चल रही है।
जानकार सूत्रों के हवाले से न्यूज एजेंसी पीटीआई ने बताया है कि जम्मू के रामबन में बगलिहार और उत्तरी कश्मीर में किशनगंगा हाइड्रोपावर डैम के जरिए भारत अपनी तरफ से पानी छोड़ने के समय को नियंत्रित कर सकता है। इसका मतलब है कि इन बांधों के जरिए पाकिस्तान को पहुंचने वाले पानी को बिना किसी पूर्व चेतावनी के कम किया जा सकता है, रोका जा सकता है या पानी के बहाव को बढ़ाया भी जा सकता है। गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने हमला किया था, जिसमें 26 पर्यटक मारे गए थे। इसके बाद भारत ने कई फैसले किए और पाकिस्तान पर कई पाबंदियां लगाईं। उनमें एक फैसला सिंधु जल समझौते को स्थगित करने का था।
इसके अलावा भारत लगातार पाकिस्तान की मशहूर हस्तियों के सोशल मीडिया अकाउंट बंद कर रहा है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का यूट्यूब अकाउंट बंद करने के बाद अब भारत ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान का सोशल मीडिया अकाउंट बंद कर दिया है। पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो का अकाउंट भी बंद किया गया है। इसके अलावा पाकिस्तान के कई फिल्मी हस्तियों जैसे फवाद खान, आतिफ असलम, मावरा होकेन और मशहूर सूफी गायिका आबिदा परवीन के इंस्टाग्राम अकाउंट को भी भारत में ब्लॉक कर दिया गया है। इससे पहले माहिरा खान, हानिया आमिर, सनम सईद, अली जफर सहित अनेक फिल्मी हस्तियों के अकाउंट बंद किए गए थे। यह कार्रवाई पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत विरोधी गतिविधियों और बयानों को देखते हुए की गई है।
इस बीच वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास सात, लोक कल्याण मार्ग पर मुलाकात की। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी और एयर चीफ मार्शल के बीच पहलगाम हमले को लेकर बातचीत हुई। इससे एक दिन पहले शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी ने नौसेना प्रमुख दिनेश कुमार त्रिपाठी से मुलाकात की थी। उससे पहले तीनों सेनाओं के प्रमुख एक साथ प्रधानमंत्री से मिले थे। उस मीटिंग में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ अनिल चौहान भी मौजूद थे।
Your email address will not be published. Required fields are marked *






© NayaIndia 2025 | All rights reserved.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News