छत पर सो रही किशोरी को उठा ले गया गांव का युवक, 6 दिन बाद भी नहीं मिला सुराग (Photo- Social Media)
Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव ज़िले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सदर कोतवाली क्षेत्र के करोवन गांव में 28 मई की रात एक नाबालिग किशोरी को गांव का ही 32 वर्षीय युवक बहला-फुसलाकर घर की छत से भगा ले गया। किशोरी अपनी छोटी बहन के साथ छत पर सो रही थी। रात करीब 11 बजे आरोपी छत पर चढ़ा और किशोरी को उठा ले गया। छोटी बहन ने विरोध किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गया।
सुबह होते ही छोटी बहन ने परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद परिजन सीधे सदर कोतवाली पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने तत्काल कार्रवाई की मांग की, लेकिन छह दिन बीत जाने के बावजूद अब तक न तो बेटी का कोई सुराग मिल पाया है और न ही आरोपी की गिरफ्तारी हो सकी है।
बेटी की बरामदगी न होने से परेशान परिजन अब पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर की चौखट पर पहुंचे। उन्होंने अपनी फरियाद सुनाई और गुहार लगाई कि उनकी बेटी को जल्द से जल्द ढूंढा जाए और आरोपी को सख्त सजा दी जाए। इस पर एसपी ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि मामले में गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही किशोरी को बरामद कर लिया जाएगा।
परिजनों का कहना है कि आरोपी पहले भी किशोरी के साथ छेड़छाड़ कर चुका है। उस समय इसकी जानकारी आरोपी के परिवार को दी गई थी, जिन्होंने बेटे को समझाने का वादा किया था। लेकिन इसके बावजूद युवक ने दोबारा दुस्साहसिक हरकत की और इस बार किशोरी को अगवा कर ले गया।
परिवार का कहना है कि पुलिस की ढिलाई और कार्रवाई में देरी से उनका विश्वास टूटता जा रहा है। किशोरी की छोटी बहन का कहना है कि वह अपनी बहन को छत से उठाकर ले जाते हुए देखी, और जब उसने सवाल किया तो धमकी दी गई। परिवार आरोपी को फांसी या उम्रकैद जैसी सख्त सजा दिलवाने की मांग कर रहा है।
This Quiz helps us to increase our knowledge