Israel-Iran War News LIVE Update: इजरायल-ईरान अब जंग के मैदान में कूद पड़े हैं. बीते कुछ समय से मिडिल ईस्ट में जिसका डर था वही हुआ है. इजरायल और ईरान के बीच तनाव ने अब खतरनाक मोड़ ले लिया है. इजरायल और ईरान अब आमने-सामने से युद्ध करने लगे हैं. इजरायल ने आज यानी 13 जुन की सुबह ईरान पर सैन्य हमला कर दिया है. इजरायल ने ईरान के सैन्य ठिकानों और न्यूक्लियर ठिकानों पर आज यानी शुक्रवार की सुबह हमला किया. इजरायल ने 300 हवाई हमले किए. इसके बाद ईरान में खलबली मच गई. इजरायल ने ईरान के न्यूक्लियर साइट्स और सैन्य ठिकानों को टारगेट कर तेहरान में कई हमले किए. इसके बाद तेहरान में एयरस्पेस को बंद कर दिया गया. ईरान सरकार ने देशभर में इमरजेंसी लागू कर दी है. माना जा रहा है कि इजरायल के हमले में ईरान को बड़ा नुकसान पहुंचा है. इजरायल ने ईरान के आर्मी चीफ, आईआरजीसी चीफ और टॉप न्यूक्लियर वैज्ञानिकों को मार गिराया है. हालांकि, अब ईरान ने भी पलटवार किया है. ईरान ने 100 ड्रोन से इजरायल पर हमला किया है. चलिए जानते हैं इजरायल-ईरान युद्ध से जुड़े हर लेटेस्ट अपडेट्स.
Israel Iran Tension: इजरायली डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) मिलिट्री रेडियो के अनुसार, ईरान ने इजरायल पर लगभग 100 मिसाइलें दागी हैं. जिसके बाद इजरायल ने देश के नागरिकों को तुरंत बंकरों में जाने के निर्देश दिए हैं. ईरान की तरफ से हमले को देखते हुए पूरे इजरायल में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है. आईडीएफ ने कहा कि ईरान की तरफ से इजरायल के हर हिस्से को निशाना बनाने की कोशिश जा रही है.
ईरान पर इजरायल का हमला रुकने का नाम नहीं ले रहा. तेहरान पर एक बार फिर बमबारी करते हुए इजरायली सेना ने ताबड़तोड़ हमले किए. ईरान के राष्ट्रपति के कार्यालय और देश के सर्वोच्च धार्मिक नेता अली खामेनेई के आवास पर भी हमले की खबर है. इजरायल ने कहा है कि वह ईरान के परमाणु हथियारों को हासिल करने के मंसूबों को कभी कामयाब नहीं होने देगा.
तेहरान एक बार फिर धमाकों से दहल उठा है. ताज़ा जानकारी के मुताबिक, इजरायली एयरफोर्स इस वक्त दक्षिण-पूर्वी तेहरान पर ज़बरदस्त और लगातार एयरस्ट्राइक्स कर रही है. ईरान के अलग-अलग हिस्सों में एयरफोर्स की भारी बमबारी जारी है. इजरायल ने कहा कि है वह किसी भी कीमत पर ईरान को परमाणु हथियार नहीं बनाने देगा. इसी के मद्देनजर उसने ईरानी न्यूक्लियर साइट्स को भी अपने फाइटर जेट से निशाना बनाकर उसे भारी नुकसान पहुंचाया.
चीन और रूस ने ईरान को UNSC प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि अगले 4 घंटे में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) बैठक करेगी. इजरायल ने ईरान में हमले कर उसके 20 से ज्यादा जनरलों को मार गिराया. इजराइली हमले के लक्ष्यों में कई स्थान शामिल थे, जिनमें नतांज में ईरान की मुख्य परमाणु संवर्धन सुविधा भी शामिल थी, जहां से काला धुआं उठता देखा जा सकता था. बाद में सुबह, इजरायल ने कहा कि उसने पश्चिमी ईरान में दर्जनों रडार प्रतिष्ठानों और सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल लॉन्चरों को भी नष्ट कर दिया है.
ईरान के यूरेनियम संवर्धन के लिए नतान्ज फैसिलिटी पर शुक्रवार की सुबह इस्लामिक गणराज्य के परमाणु कार्यक्रम को निशाना बनाकर इजरायली हवाई हमले किए गए, जिसमें इजरायली रक्षा अधिकारियों ने नुकसान का आकलन किया. सेना के अनुसार, इजरायली वायु सेना के हमलों ने साइट के भूमिगत हिस्से को नष्ट कर दिया, जिसमें “एक मल्टीलेवल संवर्धन हॉल था जिसमें सेंट्रीफ्यूज, बिजली के कमरे और अन्य सहायक बुनियादी ढांचे थे.”
Israel Iran War Latest News: रूस ने शुक्रवार को ईरान पर इजरायल के ‘अकारण’ हवाई हमलों की कड़ी निंदा की और क्षेत्र में तनाव के ‘खतरनाक ढंग से बढ़ने’ पर बड़ी चिंता व्यक्त की. रूसी विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “हम पश्चिम एशिया में तनाव के ख़तरनाक ढंग से बढ़ने पर बड़ी चिंता व्यक्त करते हैं. हम 13 जून की रात को संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करते हुए इज़रायल द्वारा की गई सैन्य कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हैं.” उसने कहा है कि एक संप्रभु संयुक्त राष्ट्र सदस्य देश, उसके नागरिकों, शांतिपूर्ण शहरों और परमाणु ऊर्जा अवसंरचना सुविधाओं के खिलाफ ‘अकारण सैन्य हमले’ स्पष्ट रूप से अस्वीकार्य हैं.
Israel Iran Tension: ईरान ने आधिकारिक तौर पर संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ परमाणु वार्ता से हाथ खींच लिया है. समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने यह जानकारी दी. यह खबर ऐसे समय में आई है, जबकि डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी थी कि वह परमाणु वार्ता को आगे बढ़ाए, नहीं तो नतीजे बहुत बुरे होंगे. हालांकि, ईरान ने अब अपना फैसला अमेरिका को सुना दिया है. और साफ कर दिया है कि वह किसी भी दबाव के आगे नहीं झुकेगा.
ईरान पर इजरायली हमले को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहली बार प्रतिक्रिया दी. उन्होंने इजरायली हमले को शानदार बताया और कहा कि अभी और बहुत कुछ होना बाकी है. इजरायल के हमले में 20 से ज्यादा ईरानी कमांडर मारे गए हैं. इजरायली सेना ने ईरान के परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया है.
ईरान के राष्ट्रपति पेज़ेश्कियन ने इजरायली हमले को लेकर एक तीखा बयान दिया है. उन्होंने साफ कहा कि “बिलकुल भी चुप नहीं बैठेंगे” और इस “बेवकूफी भरे कदम” का जवाब ऐसा होगा कि “दुश्मन को पछताना पड़ेगा”. इजरायल ने ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमला कर इस्लामिक देश को हिलाकर रख दिया है. इस हमले में ईरानी सेना के कई कमांडर मारे गए हैं.
Israel Iran War Update: इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि उसके 100 एजेंट ईरान में एक्टिव हैं और अलर्ट मोड पर हैं. मोसाद ने बताया कि उसके एक इशारे पर ईरान में उनके एजेंट तहलका मचा सकते हैं. इजरायली हमले में ईरान के 20 से ज्यादा जनरल की मौत हो गई है.
Israel-Iran Latest News: इजरायल के सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि देश की खुफिया एजेंसी मोसाद ने शुक्रवार के हमलों से पहले तस्करी के जरिये ड्रोन और अन्य हथियार ईरान भेजे थे, जिनका इस्तेमाल वहां आंतरिक सुरक्षा को निशाना बनाने के लिए किया गया. सुरक्षा से जुड़े दो अधिकारियों ने अपने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर इस बेहद खुफिया मिशन के बारे में बात की. उनके दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करना संभव नहीं है. इस बारे में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई. अधिकारियों ने कहा कि ईरान के अंदर विस्फोटक ड्रोन दागने के लिए एक बेस बनाया गया था और शुक्रवार को तेहरान के पास एक ईरानी बेस पर मिसाइल लांचर्स को निशाना बनाने के लिए ड्रोन सक्रिय किये गये. उन्होंने कहा कि इजरायल ने मध्य ईरान में सटीक हथियार भी तस्करी के जरिये पहुंचाए थे और उन्हें सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणालियों के पास तैनात किया था. अधिकारियों ने बताया कि इजरायल ने वाहनों पर स्ट्राइक सिस्टम भी तैनात किए और ईरान की सुरक्षा को निशाना बनाने के लिए हमले शुरू होते ही दोनों को सक्रिय कर दिया था.
Israel-Iran Tension News: इजरायल-ईरान युद्ध पर केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन भड़क उठे हैं. पिनराई विजय ने शुक्रवार को ईरान में इजरायल के हवाई हमलों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने कहा कि इजरायल को लंबे समय से एक उपद्रवी देश के रूप में जाना जाता है. यह सच है और सभी को पता है। उन्हें लगता है कि अमेरिका के समर्थन से वे कुछ भी कर सकते हैं. सीएम ने कहा, ‘हमने जो सुना है, वह वाकई घिनौना है. ईरान पर हमला स्वीकार नहीं किया जा सकता. यह विश्व शांति के लिए खतरा है और सभी को इस मनमानी कार्रवाई का विरोध करना चाहिए.
Israel-Iran News: इजरायल के हमले के बाद ईरान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की दौड़ लगाई है. ईरान ने परमाणु स्थलों पर इजरायली हमलों को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक की मांग की. वहीं, पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ ने ईरान पर इजरायली हमले की कड़ी निंदा की है. इस बीच ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन ने पुष्टि की है कि हाल ही में इजरायली हवाई हमले में नतांज परमाणु सुविधा को नुकसान पहुंचा है, लेकिन कहा कि साइट के बाहर रेडियोधर्मी संदूषण के कोई संकेत नहीं हैं.
Israel-Iran War Latest News: इजरायल-ईरान युद्ध का असर कच्चे तेल की कीमतों पर भी दिखा है. ईरान के परमाणु संयंत्रों और मिसाइल फैक्ट्रियों पर इजरायल के हमले के बाद मध्य पूर्व में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने से शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में 9 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई. बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड की कीमत 6 डॉलर से अधिक बढ़कर 78 डॉलर प्रति बैरल के पांच महीने के उच्चतम स्तर को पार कर गई. कार्रवाई के बाद इजरायल ने ईरान से जवाबी कार्रवाई की आशंका के चलते इमरजेंसी घोषित कर दी है.
Israel Iran War News: सऊदी अरब, ससंयुक्त अरब अमीरात, कतर ने ईरान पर इजरायल के हमले की निंदा की है. इन देशों ने ईरान पर इजरायल के हमले को ईरान की संप्रभुता और सुरक्षा का घोर उल्लंघन कहा है. वहीं, लेबनान ने भी इजरायल को सुनाया है. लेबनानी प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने कहा कि वह खतरनाक इज़राइली आक्रमण की “कड़ी निंदा” करते हैं.
Israel Attack on Iran: ईरान के पक्ष में अब पाकिस्तान के बाद अरब देश भी आ गए हैं. अरब देशों ने इस्लामिक गणराज्य ईरान पर इजरायल के हमलों की निंदा की है. सऊदी अरब ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम और सीनियर सैन्य नेताओं पर इजरायल के हमलों की कड़ी निंदा की है. सऊदी विदेश मंत्रालय ने कहा कि किंगडम इन जघन्य हमलों की निंदा करता है. अंतरराष्ट्रीय समुदाय और (संयुक्त राष्ट्र) सुरक्षा परिषद पर इस आक्रामकता को रोकने की एक बड़ी जिम्मेदारी है.
Iran War News LIVE Update: इजराइल के ईरान पर हमले के बाद ईरानी हवाई क्षेत्र बंद किए जाने की वजह से शुक्रवार को एअर इंडिया की लंबी और बहुत लंबी दूरी की 16 उड़ानों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया. विमानन कंपनी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. निजी विमानन कंपनी एअर इंडिया ने एक यात्रा परामर्श में यह भी कहा कि यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए उड़ानों की व्यवस्था की जा रही है. इजराइल ने शुक्रवार को ईरान की राजधानी तेहरान पर हमला किया, जिसमें ईरान के परमाणु संयंत्रों, बैलिस्टिक मिसाइल कारखानों और सैन्य कमांडरों को निशाना बनाया गया.
Israel Iran War News LIVE Update: ईरान ने अपनी तबाही का बदला लेने का प्लान बना लिया है. ईरान ने Jamkaran Masjid पर लाल झंडा फहरा कर अपने इरादे बता दिया. ईरान ने लाल झंडा फहराकर इजरायल से बदला लेने का ऐलान कर दिया. इजरायल ने शुक्रवार सुबह ईरान पर 200 फाइटर जेट्स से हमला किया. इसमें ईरान के आर्मी चीफ समेत कई टॉप वैज्ञानिक मारे गए.
Israel-Iran War Death Toll: इजरायल के हमले में ईरान में कौन-कौन मारा गया है. अब इसकी डिटेल सामने आ गई है. खुद ईरान ने पुष्टि की है कि इजरायल ने कितने लोगों को मार गिराया है:
– हुसैन सलामी (आईआरजीसी के कमांडर-इन-चीफ)
– घोलम-अली रशीद (सशस्त्र बलों के रणनीतिक कमांडर)
– डॉ. तेहरांची (परमाणु हथियार विकसित करने की अमाद योजना में परियोजना पर्यवेक्षक और परमाणु विस्फोटक परीक्षण पर आधारित उप-परियोजना 3/30 के परियोजना पर्यवेक्षक. वे ईरान के शीर्ष परमाणु वैज्ञानिकों में से एक थे.)
– फेरेदून अब्बासी (ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन के पूर्व प्रमुख)
Israel-Iran News: इजरायल संग जंग में ईरान को पाकिस्तान का साथ मिला है. पाकिस्तान ने ईरान के खिलाफ इजराइल के हमले को अनुचित और अवैध आक्रामकता बताया है और इसकी निंदा की है. पाकिस्तान ने कहा कि पाकिस्तान, इस्लामी गणराज्य ईरान के खिलाफ इजराइल के अटैक की कड़े शब्दों में निंदा करता है. इजरायली सैन्य हमले, इस्लामी गणराज्य ईरान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन करते हैं और यह संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून के मूल सिद्धांतों का स्पष्ट उल्लंघन है. ईरान को संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 51 के अंतर्गत आत्मरक्षा का अधिकार प्राप्त है.