भास्कर संवाददाता| पाली
शहर के बांगड़ स्टेडियम में बॉक्सिंग के खिलाडिय़ों को जिले की पहली पोर्टेबल बॉक्सिंग रिंग मिलने जा रही है। राज्यसभा सांसद और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ बांगड़ स्टेडियम में बॉक्सिंग रिंग और खेल सामग्री के लिए 5 लाख रुपए की अनुशंसा की है। यहां खिलाड़ियों को लंबे समय से बिना बॉक्सिंग रिंग में ही प्रैक्टिस करनी पड़ रही थी। अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बॉक्सिंग रिंग होगी। जिससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने में मदद मिलेगी।
स्टेडियम में नए और उन्नत किस्म के बॉक्सिंग रिंग यूआईटी की ओर से खरीदी जाएगी। नए रिंग में उन्नत कुशन, मजबूत बाउंड्री और खिलाड़ियों के लिए बेहतर संरचना की व्यवस्था होगी। चोटों का खतरा कम होगा। बॉक्सिंग प्रशिक्षक दिलीप गहलोत ने बताया कि नया रिंग खिलाड़ियों के लिए राहत भरा साबित होगा। करीब 60 खिलाड़ी रोजाना यहां अपने कौशल को सुधारने के लिए अभ्यास करते हैं। नए रिंग के लगने से इन्हें बेहतर तकनीक के जरिए प्रशिक्षण मिलेगा और भविष्य में उनके प्रदर्शन में भी सुधार होगा। राठौड़ ने दिया था
आश्वासन : खेलो इंडिया यूथ गेम्स में बॉक्सिंग प्रतियोगिता में सुमन कुमारी ने स्वर्ण पदक जीतने पर राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने स्टेडियम में बॉक्सिंग रिंग लगाने का आश्वासन दिया था। बांगड़ स्टेडियम से अब तक अंतरराष्ट्रीय चयनित 1 खिलाड़ी, इंडिया कैम्प में 3 खिलाड़ी चयनित, 5 राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी, राष्ट्रीय स्तर के 45 खिलाड़ी, राज्य स्तरीय पदक विजेता, राज्य स्तरीय 289 खिलाड़ी हैं।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.