azamgarh news
UP: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद से मंगलवार को सनसनीखेज वारदात सामने आयी। यहां एक युवक ने अपने परिवार के तीन सदस्यों को गोली मार दी। घरवालों को गोली मारने के बाद युवक ने खुद को भी गोली मार ली। घटना में दो लोगों की मौत हो गयी है। वहीं दो लोगों को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार सरदार बल्लभ भाई पटेल मोहल्ला में रहने वाला 32 वर्षीय नीरज पांडेय परिवार के साथ वाराणसी में रहता था। वाराणसी में वह एक पेट्रोल पंप पर वाहनों में तेल भरने का काम करता था। एक सप्ताह पहले नीरज की पत्नी, बच्चों के साथ गांव आयी थी। सोमवार शाम को वह भी वाराणसी से घर पहुंचा। मंगलवार दोपहर में किसी बात पर नीरज नाराज हो गया और गुस्से में आकर उसने मां चंद्रकला (55), पुत्री शुभी पांडेय (07) और बेटे संघर्ष पांडेय (04) को गोली मार दी। परिवार के तीन लोगों को गोली मारने के बाद नीरज ने खुद को भी गोली मार ली।
गोली की आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने आनन-फानन में सभी को एंबुलेंस से जहानागंज स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद नीरज और उसकी मां चंद्रकला को मृत घोषित कर दिया। बेटी शुभी और बेटे संघर्ष की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां संघर्ष ने भी दम तोड़ दिया।
वहीं शुभी पांडेय का उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली है। घटना के संबंध में एसएसपी हेमराज मीणा ने कहा कि पारिवारिक कलह और नशे के चलते युवक ने वारदात को अंजाम दिया है। तीन लोगों की मौत हुई है। वहीं बच्ची का उपचार चल रहा है। उसके पेट में गोली लगी है।
This Quiz helps us to increase our knowledge
कंटेंट राइटर
मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।