—विज्ञापन—
Today Breaking News Live Updates: नमस्कार, आज रविवार छुट्टी का दिन है। साल 2024 के आखिरी महीने के 7 दिन बीत चुके हैं और उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का नाम नहीं है, लेकिन आज से मौसम करवट बदल सकता है। बांग्लादेश में हिंसा रुकने का नाम नहीं ले रही। उपद्रवियों ने अब इस्कॉन के 2 और मंदिरों में आग लगा दी, जिसमें जलकर देवी-देवताओं की मूर्तियां राख हो गईं। सीरिया में संकट गहराता जा रहा है। करीब 2000 सीरियाई सैनिक शरण लेने के लिए सीमा पार करके इराक में घुस गए हैं। इसके अलावा आज दिनभर की बड़ी खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें News24 के साथ…
अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ट्वीट चर्चा में है। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि सीरिया के राष्ट्रपति असद की कहानी खत्म। वो देश छोड़ भाग चुके हैं। पुतिन के नेतृत्व वाला रूस उनका संरक्षक था, जिसकी अब असद को बनाए रखने में कोई दिलचस्पी नहीं। सीरिया में रूस की दिलचस्पी इसलिए ख़त्म हुई, क्योंकि युक्रेन से युद्ध में उसके अबतक 6 लाख सैनिक मर चुके है। युक्रेन के भी 4 लाख सैनिक मर चुके हैं। जल्द से जल्द इस युद्ध को ख़त्म करने की ज़रूरत है। चीन मदद कर सकता है।
मध्य प्रदेश के इंदौर एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की टीम ने 26 लाख रुपये की विदेशी करेंसी के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा है। एयर इंडिया की फ्लाइट इंदौर से शारजाह जाने से पहले व्यक्ति को दबोचा गया। कस्टम की टीम ने उससे पूछताछ की। बैग की जांच में छिपे हुए विदेशी करेंसी में डॉलर और यूरो जब्त हुए हैं।
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में एक बार फिर माओवादियों ने पुलिस बेस कैंप पर हमला किया है। पामेड़ थाना के तहत बने जीड़पल्ली पुलिस कैंप पर माओवादी हमला हुआ है। 3 दिन में यह दूसरा नक्सली हमला है। इन हमलों के पीछे सेंट्रल कमेटी के शीर्ष नेता हिडमा का हाथ है। हमले के दौरान पुलिस-नक्सलियों के बीच हुई गोलीबारी में 3 जवान घायल हुए हैं। बीजापुर एसपी डॉ जितेंद्र यादव ने हमले की पुष्टि की।
बुलंदशहर में 2 साल की बच्ची के बलात्कारी से जहांगीरपुर पुलिस की मुठभेड़ हुई। पुलिस की गोली लगने से रेपिस्ट कल्लू पुत्र हरिचंद घायल हुआ है। आरोपी कल्लू को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसका पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। आरोपी से तमंचा, जिंदा कारतूस और सप्लेंडर बाइक बरामद हुई है। बुलंदशहर के जहांगीरपुर थाना क्षेत्र में चांचली पुल के पास मुठभेड़ हुई।
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में आपसी झगड़े में 2 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है। रहमबल इलाके में 2 गुटों में झगड़ा हुआ। दोनों गुटों ने एक दूसरे पर हमला किया तो हमले में 2 पुलिसकर्मी मारे गए। वहीं एक गंभीर रूप से घायल हुआ है। वारदात के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
किसानों ने ऐलान किया है कि वे अमृतसर में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी और मंत्री नितिन गडकरी की एंट्री का विरोध करेंगे। शंभू बॉर्डर पर किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि किसान मजदूर मोर्चा और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) का विरोध 300वें दिन में प्रवेश कर गया है, लेकिन केंद्र सरकार अभी भी अड़ी हुई है। अब हम पंजाब में भाजपा नेताओं की एंट्री का विरोध करेंगे। सुना है कि नायब सैनी (हरियाणा के सीएम) और नितिन गडकरी (केंद्रीय मंत्री) अमृतसर जा रहे हैं, लेकिन अब हम उन्हें अमृतसर नहीं आने देंगे।
देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज रूस जाएंगे। उनका यह दौरा 3 दिन का रहेगा। वे रूस में बनी INS तुशील का जलावतरण करके उसे इंडियन नेवी का हिस्सा बनाएंगे। INS तुशील भारतीय नौसेना के स्टील्थ युद्धपोत है, जो 21वीं सदी की आधुनिक मिसाइलों से लेस है।
लखनऊ के हुसैनगंज मेट्रो स्टेशन, चारबाग और आलमबाग में बम होने की सूचना झूठी निकली। उत्तर प्रदेश की एडीसीपी सेंट्रल मनीषा सिंह ने बताया कि एक कॉलर ने डायल 112 पर सूचना दी थी कि हुसैनगंज मेट्रो स्टेशन, चारबाग स्टेशन और आलमबाग में बम रखा हुआ है। सूचना मिलते ही डॉग स्क्वाड और बीडीडीएस (बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड) ने चप्पा-चप्पा खंगाला, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
Edited By
News24 हिंदी
Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.
—विज्ञापन—
B.A.G Convergence Limited
Film City, Sector 16A, Noida, Uttar Pradesh 201301
Phone: 0120 – 4602424/6652424
Email: info@bagnetwork.in