कोलकाता में अफगान नागरिक जमील खान को अवैध रूप से रहने और फर्जी दस्तावेज रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। वह 2021 में तीन महीने के वीजा पर आया था …और पढ़ें
सांकेतिक तस्वीर।
कोलकाता में अवैध रूप से रह रहा अफगान नागरिक गिरफ्तार।
फर्जी दस्तावेजों के साथ पांच साल से बदल रहा था पहचान।
राष्ट्रीय सुरक्षा और जासूसी पहलुओं की हो रही जांच।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। महानगर की भवानीपुर थाना पुलिस ने एक अफगान नागरिक जमील खान को बिना वैध वीजा के अवैध रूप से रहने के आरोप में गिरफ्तार किया है। जमील खान साल 2021 में महज तीन महीने के वीजा पर भारत आया था, लेकिन वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी वह पिछले पांच वर्षों से अपनी पहचान बदलकर कोलकाता में ही रह रहा हुआ था।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। बयानों में विसंगतियां मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जांचकर्ताओं को अंदेशा है कि उसने स्थानीय एजेंटों की मदद से फर्जी पहचान पत्र और जाली ड्राइविंग लाइसेंस बनवाए थे।
पुलिस ने उसके पास से एक डायरी बरामद की है, जिसमें कई संदिग्ध एजेंटों के नाम और नंबर दर्ज हैं। इसके अलावा, उसका लैपटाप और कई मोबाइल फोन जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस अब उस पूरे गिरोह की तलाश कर रही है जो देश में अवैध रूप से रहने वालों के लिए जाली दस्तावेज तैयार करता है।
कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस मामले में देश की सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील पहलुओं की भी जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां इस बात का पता लगा रही हैं कि क्या जमील खान ने देश के अन्य राज्यों की यात्रा की थी और क्या उसने भारत के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों या संवेदनशील क्षेत्रों की तस्वीरें और जानकारियां विदेशों में भेजी हैं।
फिलहाल जासूसी और अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क से जुड़े पहलुओं को खारिज नहीं किया गया है और केंद्रीय खुफिया एजेंसियां भी इस जांच पर पैनी नजर रख रही हैं।