Feedback
सीरिया में बढ़ती अस्थिरता के बीच संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के तहत तैनात भारतीय सेना के जवान हाई अलर्ट पर हैं. भारतीय सेना के 10 अधिकारी, 11 जेसीओ और 124 जवान संयुक्त राष्ट्र के डिसएंगेजमेंट ऑब्जर्वर फोर्स (UNDOF) का हिस्सा हैं और अस्थिर क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं. सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा स्थिति बिगड़ने पर भारतीय सैनिकों की निकासी की योजना तैयार की जा रही है.
भारतीय सेना लगातार संयुक्त राष्ट्र के संपर्क में है ताकि अपने जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. सूत्र बताते हैं कि यदि सीरिया में हालात और खराब होते हैं, तो भारतीय सैनिकों को पड़ोसी देश इज़राइल ट्रांसफर किया जा सकता है. इस बीच, सैनिकों को नियंत्रित क्षेत्रों में रहने की सलाह दी गई है ताकि जोखिम को कम किया जा सके. यह कदम संयुक्त राष्ट्र की ओर से जारी एडवाइजरी के तहत उठाया गया है, जो कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर केंद्रित है.
UNDOF मिशन और भारतीय योगदान
जून 1974 से संचालित UNDOF मिशन का उद्देश्य इज़राइल और सिरिया के बीच युद्धविराम बनाए रखना, उनकी सेनाओं के बीच अलगाव सुनिश्चित करना और हथियारों की सीमाओं का पालन करना है. यह मिशन एरिया ऑफ सेपरेशन (AOS) में कार्य करता है, जो एक 80 किलोमीटर लंबा और 200 मीटर से 8 किलोमीटर तक चौड़ा क्षेत्र है.
यह क्षेत्र माउंट हर्मन की पहाड़ियों में फैला हुआ है, जिसमें 2,814 मीटर की ऊंचाई पर संयुक्त राष्ट्र का सबसे ऊंचा पोस्ट स्थित है. भारतीय सैनिक इस क्षेत्र के तीन परिचालन क्षेत्रों में तैनात हैं.
सुरक्षा उपाय और भारत की प्रतिबद्धता
संयुक्त राष्ट्र ने शांति सैनिकों की सुरक्षा के लिए कड़े प्रोटोकॉल लागू किए हैं, जिसमें उन्हें अनावश्यक आवाजाही से बचने और सुरक्षित ठिकानों में रहने की सलाह दी गई है. भारतीय सेना स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है और आपात स्थिति में निकासी की योजनाएं तैयार कर रही है.
यह तैनाती वैश्विक शांति प्रयासों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है. हालांकि, सिरिया में बढ़ते संघर्ष ने अंतरराष्ट्रीय शांति सैनिकों की सुरक्षा और UNDOF मिशन की स्थिरता को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं.
सूत्रों ने यह भी बताया कि भारत स्वतंत्र रूप से अपने सैनिकों की तैनाती या स्थानांतरण का निर्णय नहीं ले सकता, इसलिए यह स्थिति के आकलन और सैनिकों की सुरक्षा के लिए संयुक्त राष्ट्र के साथ लगातार संपर्क में है.
Copyright © 2024 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू