By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company’s Terms & Conditions and Privacy Policy.
भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां टेस्ट मैच 31 जुलाई से केनिंग्टन ओवल के मैदान पर खेला जाएगा. ये मुकाबला बेहद अहम है क्योंकि भारतीय टीम अगर यहां जीत हासिल करती है तो सीरीज 2-2 से बराबर हो जाएगी, वहीं ड्रॉ और जीत की सूरत में इंग्लैंड के पास जीत का मौका है. अब सवाल ये है कि आखिर ओवल के मैदान पर किन खिलाड़ियों का बल्ला चलता है. मौजूदा दौर में भारत और इंग्लैंड के किन खिलाड़ियों का प्रदर्शन केनिंग्टन ओवल पर कमाल है. आइए आपको बताते हैं.
केनिंग्टन ओवल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी इंग्लैंड के धाकड़ बल्लेबाज जो रूट हैं. दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने इस मैदान पर 5 पारियों में 331 रन बनाए हैं. इस सीरीज में भी रूट कमाल की फॉर्म में हैं वो 67.17 की औसत से 403 रन बना चुके हैं.ऐसे में अब एक बार फिर रूट का बल्ला ओवल में चल सकता है.
जो रूट के बाद केनिंग्टन ओवल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले मौजूदा खिलाड़ियों में केएल राहुल का नाम सामने आता है. राहुल ने 4 पारियों में 249 रन बनाए हैं. इस मैदान पर उन्होंने शतक भी लगाया है. इस सीरीज में राहुल 511 रन बना चुके हैं और ओवल में उनका बल्ला चलने की उम्मीद है.
ओवल में 178 रनों के साथ ऋषभ पंत तीसरे स्थान पर हैं. वहीं जॉस बटलर के इस मैदान पर 134 रन हैं. लेकिन ये दोनों ही खिलाड़ी 31 जुलाई से शुरू हो रहे टेस्ट मैच में नजर नहीं आएंगे. पंत चोट के चलते पांचवें टेस्ट से बाहर हो चुके हैं और बटलर टेस्ट टीम में चुने ही नहीं गए. ओवल के मैदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पांचवें स्थान पर रवींद्र जडेजा हैं. इस खिलाड़ी ने इस मैदान पर 4 पारियों में 126 रन बनाए हैं. मौजूदा सीरीज में जडेजा का औसत 113.5 है और उनके बल्ले से 454 रन निकल चुके हैं. ओवल में इंग्लैंड के खिलाड़ियों को जडेजा से बड़ा खतरा होगा.