—विज्ञापन—
नमस्कार, आज की खबरों की दुनिया में आपका स्वागत है। आज की प्रमुख खबर की बात करें तो पाकिस्तान में उत्तर पश्चिम जोन में आत्मघाती कार बम विस्फोट हुआ, जिसमें 3 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। अमेरिका की मशहूर एक्ट्रेस डेल हैडन की कार्बन-मोनो-ऑक्साइड के रिसाव से मौत हो गई। MP के राघौगढ़ में 10 साल का बच्चा 139 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रेडियो पर मन की बात करेंगे। यह 117वां और इस साल का आखिरी एपिसोड होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली चुनाव के लिए भाजपा के चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। महाकुंभ 2025 के लिए उत्तर मध्य रेलवे जोन 13000 से अधिक ट्रेनें दौड़ाएगा। इसके अलावा आज दिनभर की बड़ी खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें News24 के साथ…
गुजरात के मोरबी में युवक को बाइक पर स्टंट करते हुए रील बनाना भारी पड़ा। मोरबी सिटी ए डिवीजन पुलिस ने बाइक सवार मंजूर हुसैन अशरफुखान पठान को गुजरात पुलिस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। जहां उसने स्टंट किया था, उसी इलाके में आरोपी का जुलूस निकाला।
हरियाणा के हिसार में खाप पंचायतों ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। यह निर्णय किसान संगठनों और सरकार के बीच चल रहे विवाद को लेकर लिया गया है। एकता का आह्वान- यदि संयुक्त किसान मोर्चा और आंदोलन लड़ रहे मोर्चा एक होने के लिए बुलाते हैं तो खाप पंचायतों की 11 सदस्यीय समिति भाग लेगी। सरकार की पहल- यदि केंद्र सरकार जगजीत सिंह दिल्लेवाल की सेहत को लेकर किसानों के साथ बातचीत करने का निमंत्रण नहीं देती है तो जनवरी में मुजफ्फरनगर में देश की खापों की महा पंचायत होगी और कड़े फैसले लिए जाएंगे। एक मंच पर एकता- यदि किसान संगठन एक मंच पर नहीं आते हैं तो हरियाणा की खापें उनकी मदद के लिए आगे नहीं आएंगी।
समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को संभल जाएगा। मृतकों के परिवारों से मुलाकात करेंगे। माता प्रसाद पांडेय के साथ लोकसभा और विधानसभा सदस्य सम्भल पहुंचेंगे। प्रतिनिधिमंडल में 5 सांसद हरेंद्र मालिक, रुचिवीरा, इक़रा हसन, जियाउर रहमान, नीरज मौर्या होंगे।
जम्मू कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के बाद भी झगड़े जारी रहना दुर्भाग्यपूर्ण है।
एडिशनल एसपी श्री चंद्र ने कहा कि संभल में शाही जामा मस्जिद के सामने पुलिस चौकी बनाई जा रही है। पुलिस चौकी का नाम संभल के पौराणिक महत्व को देखते हुए सत्यव्रत पुलिस चौकी रखा जाएगा। इस चौकी में कंट्रोल रूम और पुलिस के साथ पारा मिलिट्री भी तैनात रहेगी।
बीपीएससी अभ्यर्थियों के समर्थन में आए प्रशांत किशोर को विरोध का सामना करना पड़ा। अभ्यर्थी प्रशांत किशोर के बुलाने पर यहां पहुंचे थे। प्रशांत किशोर छात्रों को यहां अनिश्चितकालीन धरने के लिए बोल रहे थे, जबकि छात्रों को एक धड़ा मार्च निकालने को कह रहा था। फिलहाल, अभ्यर्थियों के साथ प्रशांत किशोर गांधी मूर्ति के नीचे बैठे हैं।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने रविवार को कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन को लेकर विवाद पैदा करने और उनके लिए एक स्मारक बनाने का आरोप लगाया। पुरी ने एएनआई से कहा कि कोई विवाद नहीं है, लेकिन इसे बनाया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी इंडिया गठबंधन और यहां तक कि देश में भी अलग-थलग पड़ गई है। कांग्रेस ने पीवी नरसिम्हा राव के पार्थिव शरीर को पार्टी मुख्यालय में आने की अनुमति नहीं दी और उनका अंतिम संस्कार हैदराबाद में किया गया।
गुजरात के कच्छ में रविवार सुबह भूकंप आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.2 मापी गई। इससे पहले 7 दिसंबर को इतनी ही तीव्रता वाला भूकंप आया था। गांधीनगर के ISR ने कहा कि भूकंप सुबह 10.06 बजे आया, जिसका केंद्र भचाऊ से 18 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पूर्व में मिला। 23 दिसंबर को कच्छ में ही 3.7 की तीव्रता वाला भूकंप आया था। वहीं आज आए भूकंप से किसी तरह से जान माल के नुकसान की खबर नहीं है।
गुजरात में भरूच जिले के एक केमिकल प्लांट में रविवार सुबह गैस लीक हुई, जिससे दम घुटने से 4 लोगों की मौत हो गई। हादसा गुजरात फ्लोरोकेमिकल्स लिमिटेड (जीएफएल) के सीएमएस प्लांट में वॉल्व लीकेज के कारण हुआ। हादसे का शिकार हुए मजदूरों को निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उन्होंने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
बीपीएससी 70 की परीक्षा को रद्द कराने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों के समर्थन मे जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने रविवार को पटना के गांधी मैदान मे गांधी प्रतिमा के पास छात्र संसद लगाने की घोषणा की थी। इसको लेकर बड़ी संख्या मे अभ्यर्थी गांधी मैदान मे जमा हो रहे हैं, लेकिन जिला प्रशासन ने इस एरिया को प्रतिबंधित घोषित किया हुआ है। बड़ी संख्या मे पुलिस बल की तैनाती की गई है। जो छात्रों को यहां जमा होने से रोक रहे है। हालांकि अभी तक प्रशांत किशोर यहां नहीं पहुंचे हैं, लेकिन छात्र जुटे हुए हैं।
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कमर्शियल फ्लाइट की पहली लैंडिग की तैयारी पूरी कर ली गई है। यह लैंडिग आज दोपहर 12 बजे होगी। एयरपोर्ट के उत्तरी गेट साइट पर यह लैंडिग करवाई जाएगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। वहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के परिजन से मिलेंगे और कुछ बड़े नेताओं से भी उनकी मुलाकात होने की संभावना है। हेल्थ चेकअप के लिए भी वे दिल्ली जा रहे हैं। कल देर शाम उनके पटना लौटने की चर्चा है।
किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने सरकार पर आरोप लगाए है। उन्होंने कहा कि जो सिनेरियो पूरे देश के बीच प्रचार माध्यम से बनाया जा रहा है, उसमें यह दिखाने की कोशिश हो रही है कि सुप्रीम कोर्ट वर्सेस किसान चल रहा है। यह केंद्र सरकार की सोची समझी साजिश है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ‘मन की बात’ के जरिए देशवासियों को संबोधित करेंगे। यह ‘मन की बात’ का 117वां संस्करण होगा। सुबह 11 बजे वे देशवासियों से बात करेंगे। इससे पहले 24 नवंबर को प्रधानमंत्री ने मन की बात के 116वें संस्करण में देशवासियों को संबोधित किया था।
MP के गुना जिले के राघौगढ़ में 139 फीट गहरे बोरवेल में 10 साल का बच्चा गया गया। पुलिस की ओर से बचाव अभियान जारी है। हादसा शनिवार शाम को हुआ। गुना के कलेक्टर सत्येंद्र सिंह ने हादसे की पुष्टि की। लड़के को ऑक्सीजन दी जा रही है। टीमें बचाव अभियान में लगी हैं। लड़का लगभग 39 फीट की गहराई पर फंसा हुआ है। लड़के को बचाने के लिए समानांतर 22 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया है।
मुंबई से इस्तांबुल जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 16 घंटे लेट हो गई और फिर वह कैंसिल कर दी गई। इससे यात्री छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फंस गए। तकनीकी समस्याओं के कारण इस्तांबुल जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान में देरी हो गई। मूल रूप से फ्लाइट सुबह 6.55 बजे रवाना होने वाली इस उड़ान को कई बार स्थगित किया गया, जिसके बाद अंततः इसे रद्द कर दिया गया, जिससे यात्रियों में गुस्सा भड़क गया।
Edited By
News24 हिंदी
Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.
—विज्ञापन—
—विज्ञापन—
B.A.G Convergence Limited
Film City, Sector 16A, Noida, Uttar Pradesh 201301
Phone: 0120 – 4602424/6652424
Email: info@bagnetwork.in