—विज्ञापन—
Aaj Ki Taaza Khabar Live News Updates: आज 28 दिसंबर और दिन रविवार है. आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने ‘मन की बात’ करेंगे, जिसके 129वें एपिसोड का प्रसारण होगा. कांग्रेस भी आज अपना स्थापना दिवस मनाएगा, जिसके लिए देशभर में मंडल और पंचायत स्तर पर कार्यक्रम होंगे.
वहीं देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज कर्नाटक में पनडुब्बी में सवार होकर समुद्री यात्रा करेंगे और ऐसा करने वाली वे देश की दूसरी राष्ट्रपति होंगी. दूसरी ओर, आज UP के लखनऊ में बड़ा इमामबाड़ा में शिया पर्सनल लॉ बोर्ड की जनरल बॉडी की मीटिंग है. इधर, गृह मंत्री अमित शाह आज और कल असम के 2 दिवसीय दौरे पर रहेंगे.
इसके अलावा आज दिनभर की देश-दुनिया से जुड़ी हर छोटी-बड़ी खबर के लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें News 24 के साथ…
कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर सभी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को मल्लिकार्जुन खड़गे ने शुभकामनाएं दी. साथ ही उन्होंने BJP पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि आज संविधान और लोकतंत्र दोनों खतरे में हैं. RSS ने देश का झंडा, यहां तक कि संविधान तक को स्वीकार नहीं किया था. जिनकी आजादी में कोई भूमिका नहीं, वो नागरिकों के अधिकार छीन रहे हैं. बीते 11 सालों में बीजेपी सरकार ने मनमाफिक फैसले लिए. पूंजीपतियों के लिए नियम बनाए और बदले जा रहे हैं. मनरेगा को नष्ट कर दिया गया.
दिल्ली पुलिस ने उत्तम नगर में 7 अवैध तरीके से रह रहे नाइजीरियाई मूल के लोगों को पकड़ा है. ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत एंटी-नारकोटिक्स सेल ने यह कार्रवाई की है. एंटी-नारकोटिक्स सेल को लंबे समय से गुप्तचरों से सूचना मिल रही थी कि कुछ विदेशी नागरिक अवैध रूप से द्वारका जिले में रह रहे हैं और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं.
इसी पर एक्शन लेते हुए 24 दिसंबर 2025 को पुलिस ने उत्तम नगर इलाके में रेड मारकर सभी को पकड़ा. पकड़े गए सभी नाइजीरियन नागरिकों के दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें वे ओवर-स्टे/अवैध प्रवेश करते पाए गए. सभी को मेडिकल जांच के बाद FRRO (फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस), दिल्ली के समक्ष पेश किया गया, जहां से उनके डिपोर्टेशन के आदेश रिलीज हुए. इसके बाद उन्हें डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया.
महाराष्ट्र में BMC चुनाव के लिए कांग्रेस ने मुस्लिम दलित कार्ड खेला है. कांग्रेस और प्रकाश अंबेडकर की वंचित बहुजन आघाड़ी में गठबंधन की घोषणा आज दोपहर करीब 12 बजे होगी. मुंबई सहित कुछ महानगरपालिकाओं में चुनाव को लेकर यह घोषणा होगी. महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल और वंचित बहुजन आघाड़ी के महाराष्ट्र प्रमुख प्रेस कॉन्फ्रेंस करके इसकी घोषणा करेंगे.
ग्रेटर नोएडा इलाके मे यमुना एक्सप्रेस वे पर भीषण सड़क हादसा हुआ है. दो कारों में टक्कर लगने के बाद भीषण आग लग गई. दोनों कारों में आग लगने के दौरान अफरातफरी मची, लेकिन कार में सवार लोगों ने कूद कर अपनी जान बचाई. पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई, लेकिन आग लगने से दोनों कारें जलकर खाक हो गईं. दोनों कारें जेवर से नोएडा की तरफ जा रही थी. घटना में एक युवक को गंभीर चोट लगी है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मामला रबूपुरा थाना क्षेत्र का है.
जम्मू-कश्मीर में 30 से 35 आतंकियों के छिपे होने की आशंका जताई गई है. इनपुट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर काम कर रही हैं. वहीं नए साल के मद्देनजर पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने डोनाल्ड ट्रंप और जेलेंस्की की मुलाकात का स्वागत कीव पर बड़े हमले के साथ किया. रूस ने कीव पर शनिवार को मिसाइल और ड्रोन हमला किया, जिसमें 12 लोग घायल हुए. पुतिन खुद रूस की एक कमांड पोस्ट पर पहुंचे और रुसी सेना प्रमुख जनरल और सैनिकों से मुलाकात की. पुतिन को जेपोरोजेई क्षेत्र में कब्जे की जानकारी दी गई. पुतिन ने कहा कि रूसी-यूक्रेनी सीमा पर बफर जोन स्थापित करने का कार्य तेजी से हो रहा है और रूसी सेना पूरे मोर्चे पर आगे बढ़ रही है.
ब्रिटेन में रहने वाले हिंदू समुदाय ने शनिवार को लंदन स्थित बांग्लादेश उच्चायोग के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस से मांग की है कि हिंदू समुदाय पर बढ़ते हमलों को रोका जाए और खासकर दीपू चंद्र दास की बेरहमी से की गई हत्या के दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए.
केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह आज गुजरात के अहमदाबाद जिले में म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के कई जरूरी प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन भी करेंगे. ई-लॉन्च के साथ चार्टर बांटने का प्रोग्राम भी है. इसके बाद असम के लिए रवाना हो जाएंगे.
देश के गृह मंत्री अमित शाह आज और कल असम के दौरे पर रहेंगे. जहां वे परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. एक जनसभा को संबोधित करेंगे. आज रात कोइनाधारा स्थित राजकीय अतिथि गृह में ठहरेंगे. इसके बाद सोमवार को नवनिर्मित शहीद स्मारक क्षेत्र में शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज कर्नाटक के कारवार बंदरगाह से पनडुब्बी में सवार होकर समुद्री यात्रा करेंगी. राष्ट्रपति कार्यालय ने यह जानकारी दी है और बताया है कि 67 साल की मुर्मू पनडुब्बी में यात्रा करने वालीं देश की दूसरी राष्ट्राध्यक्ष होंगी.
देश के प्रधानमंत्री मोदी आज अपने मन की बात करेंगे और आज कार्यक्रम का 129वां एपिसोड प्रसारित होगा. वहीं प्रसारण का समय सुबह 11 बजे रहेगा. साल 2025 का लास्ट एपिसोड प्रसारित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी साल 2025 की उपलब्धियों, चुनौतियों और नए साल 2026 की संभावनाओं, विकास और वोकल फॉर लोकल जैसे मुद्दों पर बात कर सकते हैं. कार्यक्रम का प्रसारण आकाशवाणी, DD न्यूज, PM इंडिया यूट्यूब चैनल या नरेंद्र मोदी ऐप पर लाइव सुन सकते हैं. MyGov पोर्टल, टोल-फ्री नंबर 1800-11-7800 या नरेंद्र मोदी ऐप पर लोग अपने सुझाव शेयर कर सकते हैं.
न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
—विज्ञापन—
—विज्ञापन—
B.A.G Convergence Limited
Film City, Sector 16A, Noida, Uttar Pradesh 201301
Phone: 0120 – 4602424/6652424
Email: info@bagnetwork.in