Feedback
आज शाम की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), 10 दिसंबर 2024 की खबरें और समाचार: खबरों के लिहाज से मंगलवार का दिन काफी अहम रहा है. राजस्थान के दौसा में बोरवेल में फंसे पांच साल के आर्यन को बचाने का अभियान मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी है. किरेन रिजिजू ने विपक्षी दल द्वारा धनखड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किए जाने के बाद आलोचना की. भारत के स्टार रेसलर बजरंग पूनिया ने एक बार फिर किसानों का साथ देने का फैसला किया है. महाराष्ट्र चुनावों में ईवीएम और वीवीपीएटी के साथ डाले गए कुल मतों के आंकड़ों के मिलान में कोई खामी नहीं पाई गई. दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के पिता की हिरासत में मौत के मामले में दोषी पूर्व बीजेपी नेता कुलदीप सेंगर को 10 दिनों की अंतरिम जमानत दी है.
27 घंटे से बोरवेल में फंसा है 5 साल का आर्यन, अब देसी जुगाड़ से बनेगी बात?
राजस्थान के दौसा में 150 फीट गहरे बोरवेल में फंसे पांच साल के आर्यन को बचाने का अभियान मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी है. घटना कालीखाड गांव की है, जहां सोमवार को करीब 3:30 बजे दोपहर को आर्यन मीणा अपनी मां के साथ खेत पर जाते हुए बोरवेल में गिर गया. मंगलवार शाम को रेस्क्यू ऑपरेशन फिलहाल रोक दिया गया. अब बगल में खुदाई कर टनल बनाकर पहुंचना ही एक विकल्प बचा है, जिसमें कल सुबह तक का वक्त लगेगा.
‘नंबर हमारे पक्ष में है, वे सभापति का सम्मान करना सीखें…’, अविश्वास प्रस्ताव पर किरेन रिजिजू की विपक्ष को नसीहत
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्षी दल द्वारा राज्यसभा के सभापति और उपाध्यक्ष जगदीप धनखड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किए जाने के बाद कांग्रेस और उसके सहयोगियों की आलोचना की. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों ने सभा की गरिमा का अनादर किया है. रिजिजू ने विपक्ष पर संसद के दोनों सदनों में सभापति के अधिकार का बार-बार अनादर करने का आरोप लगाया और कहा कि उच्च सदन में एनडीए का बहुमत है.
किसान आंदोलन में पहलवान बजरंग पूनिया की एंट्री… बोले- अन्याय होता देख चुप रहना भी…
भारत के स्टार रेसलर बजरंग पूनिया ने एक बार फिर किसानों का साथ देने का फैसला किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह ऐलान किया है कि वो किसानों का साथ देने आ रहे हैं. बता दें कि शंभू बॉर्डर पर डटे किसानों ने एक बार फिर दिल्ली कूच का ऐलान कर दिया है. किसान मिलकर 14 दिसंबर को दिल्ली की ओर मार्च करेंगे.
महाराष्ट्र चुनाव: EC ने 1440 VVPAT पर्चियों का EVM से किया मिलान, बताया क्या रहा नतीजा
हाल ही में हुए महाराष्ट्र के विधानसभा चुनावों में ईवीएम और वीवीपीएटी के साथ डाले गए कुल मतों के आंकड़ों के मिलान में कोई खामी नहीं पाई गई. महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के ट्वीट के मुताबिक, हर विधानसभा क्षेत्र (AC) में औचक रूप से सिलेक्ट की गईं 5 वीवीपैट (VVPAT) पर्चियों को ईवीएम (EVM) की संबंधित कंट्रोल यूनिट्स में दर्ज वोटों के साथ मिलाया गया था.
उन्नाव रेप केस: कुलदीप सेंगर को मिली बड़ी राहत, हाईकोर्ट ने दी अंतरिम जमानत, जानें मामला
दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के पिता की हिरासत में मौत के मामले में दोषी पूर्व बीजेपी नेता कुलदीप सेंगर को 10 दिनों की अंतरिम जमानत दी है. जस्टिस मनोज कुमार ओहरी ने सेंगर की याचिका को आंशिक रूप से मंजूर करते हुए उनकी सजा को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया. कोर्ट को बताया गया कि सेंगर ने अपनी मेडिकल स्थिति को लेकर हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच में सजा स्थगन की याचिका दायर की थी. डिवीजन बेंच ने 5 दिसंबर को 20 दिसंबर तक सजा को स्थगित करने का निर्देश दिया.
Copyright © 2024 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू