Feedback
नेपाल में आई भयानक तबाही के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नेपाल के लिए मदद का हाथ बढ़ाया है. वहीं, आज देशभर में रक्षाबंधन का पावन पर्व मनाया जा रहा है और इसी के साथ आज साल का आखिरी चंद्र ग्रहण भी लग रहा है. इन खबरों के अलावा, नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है. पढ़ें शुक्रवार सुबह की बड़ी खबरें
‘नेपाल को जो भी मदद चाहिए, हम देंगे’, भीषण त्रासदी के बाद ट्रंप ने बढ़ाया मदद का हाथ
नेपाल-तिब्बत बॉर्डर पर भयानक फ्लैश फ्लड से अब तक 469 लोगों की मौत हो गई है और 1500 से ज्यादा लोग लापता हैं. लापता लोगों में सैकड़ों विदेशी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं. इस हालात को देखते हुए, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नेपाल को हर तरह की मदद की पेशकश की. उन्होंने कहा कि वॉशिंगटन नेपाल के नेताओं के संपर्क में है.
Raksha Bandhan 2026 Shubh Muhurat: रक्षाबंधन आज, इतने घंटे का रहेगा शुभ समय, जानें राखी बांधने का सबसे खास मुहूर्त
आज देशभर में रक्षाबंधन का पावन पर्व मनाया जा रहा है और इसी के साथ आज साल का आखिरी चंद्र ग्रहण भी लग रहा है. राहत की बात तो यह है कि यह चंद्रग्रहण भारत में दृश्यमान नहीं होगा, इसी कारण भारत में आज रक्षाबंधन का पर्व पूरी धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है. इस बार रक्षाबंधन पर भद्रा का साया नहीं रहेगा.
‘मुझे विदा करो’, अरिजीत सिंह के बाद ‘आवारापन 2’ के कंपोजर अमाल मलिक ने फिल्म म्यूजिक से लिया ब्रेक
मशहूर म्यूजिक कंपोजर और सिंगर अमाल मलिक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करके बताया है कि वो फिल्मी म्यूजिक से एक साल के लिए ब्रेक ले रहे हैं. उन्होंने एक्स पर लिखा- मैं बिल्कुल ठीक हूं. इस बार खुद के लिए जो सबसे बेहतर है, वही करने के लिए पूरी तरह से आगे बढ़ूंगा और सिर्फ वही करूंगा, जो मेरे दिल के लिए और मेरी सेहत के लिए जरूरी है.
इमरान खान के बेटों का इंटरव्यू देख तिलमिलाया PCB… इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट मैच से हटने की दी धमकी
इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच दूसरा टेस्ट गुरुवार से लॉर्ड्स में खेला जा रहा है. इस टेस्ट के पहले दिन PCB और ब्रॉडकास्टर के बीच विवाद देखने को मिला. विवाद की जड़ इमरान खान के बेटों कासिम और सुलेमान खान का इंटरव्यू था. दोनों ने जेल में बंद अपने पिता की सेहत और उनकी बिगड़ती आंखों की रोशनी पर चिंता जताई थी. PCB ने इस पर आपत्ति जताई है.
नेपाल की तबाही के बाद उत्तराखंड में अलर्ट, सीएम ने दिए 13 ग्लेशियल झीलें के निगरानी के निर्देश
नेपाल में फ्लैश फ्लड से भारी तबाही के बाद अब उत्तराखंड में 13 ग्लेशियल झीलों को संवेदनशील माना गया है. इन झीलों से पहाड़ी इलाकों में खतरे की आशंका को देखते हुए CM पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने झीलों की नियमित निगरानी करने को कहा है. साथ ही सुरक्षा के इंतजाम मजबूत करने के निर्देश दिए हैं.
दिल्ली-काठमांडू मैत्री बस सेवा अस्थायी रूप से बंद, नेपाल बाढ़ के बीच DTC का फैसला
नेपाल में आई बाढ़ का सीधा असर अब भारत-नेपाल अंतर-राष्ट्रीय बस सेवा पर भी पड़ा है. नेपाल में भारी फ्लैश फ्लड के चलते सड़क परिवहन पूरी तरह ठप हो गया है. इसे देखते हुए दिल्ली सरकार और DTC ने एहतियातन ‘भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा’ को अगले दो दिनों के लिए रोक दिया है. रास्ते साफ होने के बाद ही सेवाओं को फिर से बहाल किया जाएगा.
नीरज चोपड़ा की डायमंड लीग फाइनल में एंट्री… कम मुकाबले खेले, फिर भी मारी बाजी
दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है. नीरज ने सीजन की पांच में से सिर्फ दो मीटिंग में हिस्सा लिया, इसके बावजूद वह छह खिलाड़ियों वाले फाइनल में जगह बनाने में सफल रहे. डायमंड लीग फाइनल 4 और 5 सितंबर को ब्रुसेल्स में आयोजित होगा. नीरज के लिए एशियन गेम्स से पहले खुद को परखने का अहम मौका होगा.
नितिन नवीन ने BJP के नए महासचिवों के साथ की पहली बैठक, चुनावी रणनीति पर चर्चा
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्रियों के साथ एक अहम बैठक की. नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में हुई इस बैठक में आगामी कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की तैयारियों और रणनीति के रोडमैप पर चर्चा की गई. बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष भी मौजूद रहे.
ट्रंप ने कनाडा के इस लेक पर किया ‘कब्जा’, पास कर दिया ऑर्डर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को लेक ओंटारियो का नाम बदलकर ‘लेक अमेरिका’ करने का आदेश जारी कर दिया. यह बदलाव सिर्फ अमेरिका की संघीय सरकार के इस्तेमाल तक सीमित है. लेक ओंटारियो उत्तरी अमेरिका की पांच ग्रेट लेक्स में से एक है. इसकी करीब 52 फीसदी सतह कनाडा में है, जबकि बाकी हिस्सा अमेरिकी राज्य न्यूयॉर्क से लगता है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू